आग से निपटने को 15 स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल:पटाखा बाजारों में लगी दो-दो फायर ब्रिगेड, सबसे नजदीकी गाड़ी पहले पहुंचेगी स्पॉट पर

Nov 08, 2026 - 14:10
0
आग से निपटने को 15 स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल:पटाखा बाजारों में लगी दो-दो फायर ब्रिगेड, सबसे नजदीकी गाड़ी पहले पहुंचेगी स्पॉट पर
मेरठ में दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने जिले में सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। दीपावली की रात जिले के 15 प्रमुख स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी। इन स्थानों से दमकलकर्मी पूरे जिले में आग की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए मोर्चा संभालेंगे। व्यवस्था इस तरह बनाई गई है कि किसी भी क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही सबसे नजदीक खड़ी दमकल की गाड़ी को मौके के लिए रवाना किया जाएगा। दमकल विभाग ने शहर के मेडिकल कॉलेज, कंकरखेड़ा, घंटाघर चौराहा, भूमिया का पुल, प्याऊ चौराहा और सदर बाजार समेत प्रमुख संवेदनशील स्थानों को तैनाती के लिए चुना है। इसके अलावा किठौर, हस्तिनापुर और सरधना सहित जिले के दूसरे प्रमुख क्षेत्रों में भी दमकल की गाड़ियां मुस्तैद रहेंगी। विभाग का मकसद आग लगने की स्थिति में घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करना है, ताकि शुरुआती स्तर पर ही आग को फैलने से रोका जा सके। पटाखा बाजारों में दो-दो गाड़ियां शहर में पटाखों की बिक्री के लिए छह बाजार निर्धारित किए गए हैं। इन सभी बाजारों में दमकल विभाग की दो-दो गाड़ियां तैनात रहेंगी। पटाखों की बिक्री और दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में इन बाजारों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। दमकलकर्मी लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। सरधना चर्च मेले के लिए अतिरिक्त इंतजाम इस बार दीपावली के साथ सरधना में चर्च मेला भी आयोजित हो रहा है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दमकल विभाग ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। भीड़भाड़ वाले इस आयोजन में आग की किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। CFO बोले- सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दीपावली पर आग की घटनाओं से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। किसी भी स्थान पर आग लगने की सूचना मिलने पर सबसे नजदीक मौजूद दमकल की गाड़ी को तत्काल रवाना किया जाएगा, जिससे कम से कम समय में राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। मेरठ के कुछ प्रमुख इमरजेंसी नंबर - फायर कंट्रोल रूम : 101/112 - CFO : 9454418345 / 0121-2643631 - फायर स्टेशन, पुलिस लाइन : 9454418747 - फायर स्टेशन, परतापुर : 9454418751, 9454418750 - फायर स्टेशन, घंटाघर : 0121-2421017 - फायर स्टेशन, मवाना : 9454418749, 9454418748 घर को रोशन करते वक्त इसका रखें ध्यान - दीयों और मोमबत्तियों को हमेशा पर्दे, कपड़ों, लकड़ी के फर्नीचर और सूखी घास/कचरे से दूर रखें। - दीयों को स्थिर और समतल जगह पर रखें ताकि वे हवा या किसी के छूने से गिरें नहीं। -खिड़कियों और दरवाजों के पास दीये रखते समय ध्यान दें कि तेज हवा से पर्दे उनके संपर्क में न आएं। बेहतर होगा कि घर के अंदर मोमबत्तियों के बजाय एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल करें। पटाखे छुड़ाते समय यह रखें ख्याल - पटाखे हमेशा घर के अंदर, बालकनी या संकरी गलियों में चलाने के बजाय किसी खुले मैदान या पार्क में ही जलाएं। - पटाखे जलाते समय अपने शरीर और चेहरे को सुरक्षित दूरी पर रखें। रॉकेट या स्काई शॉट छोड़ते समय सुनिश्चित करें कि उसका मुंह किसी के घर या खिड़की की तरफ न हो। - बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न जलाने दें। बड़ों की निगरानी में ही उन्हें फुलझड़ी या अनार जैसी चीजें छूने दें। - जो पटाखा एक बार में न चले, उसे दोबारा पास जाकर जलाने की कोशिश बिल्कुल न करें। उस पर तुरंत पानी डाल दें। इस तरह के कपड़ों का करें प्रयोग - दीपावली की रात पूजा और पटाखे जलाते समय हमेशा सूती (Cotton) और शरीर से सटे (Fit) कपड़े ही पहनें। -नायलॉन, रेयान, पॉलिएस्टर,या ढीले और लटकने वाले जैसे भारी दुपट्टा या साड़ी का पल्लू) कपड़े पहनने से बचें, क्योंकि इनमें आग बहुत तेजी से पकड़ती है। प्राथमिक चिकित्सा की रखें तैयारी - पटाखे जलाने वाली जगह के पास कम से कम दो बाल्टी पानी और रेत भरकर जरूर रखें ताकि छोटी-मोटी चिंगारी को तुरंत बुझाया जा सके। - घर में बर्न क्रीम (जैसे सिल्वरेक्स या बर्नोल), साफ पट्टी और एंटीसेप्टिक लिक्विड तैयार रखें। -यदि घर या सोसाइटी में अग्निशामक यंत्र है, तो उसे चालू हालत में और आसानी से मिलने वाली जगह पर रखें। - हाथ में अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइज़र लगाकर कभी भी दीये या पटाखे न छुएं, यह अत्यधिक ज्वलनशील होता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User