आगरा खंड स्नातक-शिक्षक चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना:12 जिलों में 392 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए भेजी गईं, मंडल आयुक्त ने देखी व्यवस्थाएं
मथुरा में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर गुरुवार को मथुरा जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आगरा मंडल के आयुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह ने मथुरा कलेक्ट्रेट स्थित पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आयुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव 12 जनपदों में संपन्न कराया जाना है। सभी जनपदों से मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए 242 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 150 पोलिंग पार्टियां निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 392 पोलिंग पार्टियां 12 जिलों से रवाना की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी जनपदों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर लगातार रिपोर्ट प्राप्त हो रही है। निरीक्षण के समय तक आठ जनपदों से पोलिंग पार्टियों के रवाना होने की सूचना मिल चुकी थी, जबकि चार जनपदों से रिपोर्ट आना शेष था। उम्मीद जताई कि अगले एक घंटे के भीतर सभी जनपदों से पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो जाएंगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचें और वहां पहुंचकर मतदान संबंधी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मतदान केंद्रों पर समय से तैयारियां पूरी होनी चाहिए, जिससे शुक्रवार सुबह आठ बजे से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान शुरू कराया जा सके। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)