आगरा की मिट्‌टी में आज-भी जीवित हैं पहले-गुरु की स्मृतियां:आज भी गूंजते हैं गुरुनानक देव के संदेश, 1509 में यहां बिताया था समय

Nov 23, 2026 - 06:20
0
आगरा की मिट्‌टी में आज-भी जीवित हैं पहले-गुरु की स्मृतियां:आज भी गूंजते हैं गुरुनानक देव के संदेश, 1509 में यहां बिताया था समय
आगरा की मिट्‌टी में सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, गुरु नानक देव की स्मृतियां आज भी रची-बसी हैं। मान्यता है कि धर्म प्रचार यात्राओं के दौरान गुरु नानक देव 1509-10 में आगरा पहुंचे थे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताया और लोगों को प्रेम, समानता, भाईचारे तथा मानवता का संदेश दिया। 24 नवंबर को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर आगरा के उन ऐतिहासिक गुरुद्वारों की कहानी सामने आती है, जहां आज भी उनकी स्मृतियां श्रद्धा के साथ संजोई जाती हैं। गुरुद्वारा नया बांस में तीन दिन रुके थे गुरु नानक देव: लोहामंडी स्थित गुरुद्वारा नया बांस में गुरु नानक देव के तीन दिन विश्राम करने की मान्यता है। यहां उनकी उपस्थिति से जुड़ी परंपरा आज भी जीवित है। वहीं, गुरुद्वारा माईथान का संबंध भी उनके आगरा आगमन से जुड़ा बताया जाता है। यहां 18 वर्षीय जस्सी को गुरु साहिब के दर्शन हुए थे। आगे चलकर वह माता जस्सी के नाम से जानी गईं और सिख धर्म के प्रचार में जुट गईं। इन दोनों गुरुद्वारों में गुरु नानक देव के संदेश आज भी श्रद्धालुओं को प्रेरणा देते हैं। गुरु नानक की विरासत के रूप में मानते हैं श्रद्धालु: आगरा में सिख समुदाय और श्रद्धालु इन ऐतिहासिक स्थलों को गुरु नानक देव की विरासत के रूप में मानते हैं। प्रकाश पर्व के अवसर पर यहां विशेष श्रद्धा और आयोजनों के साथ गुरु साहिब के संदेश को याद किया जाता है। प्रेम, समानता और भाईचारे की उनकी शिक्षाएं आज भी जीवित हैं और शहर के इन गुरुद्वारों में यही भावना लोगों को जोड़ती है। बोले संत बाबा प्रीतम सिंह: संत बाबा प्रीतम सिंह ने बताया 24 नवंबर को प्रकाश पर्व पर इन गुरुद्वारों में गुरु नानक देव की स्मृति में श्रद्धा व्यक्त की जाएगी। आगरा के ये ऐतिहासिक स्थल गुरु नानक देव के आगरा प्रवास की याद दिलाते हैं और उनके मानवता के संदेश को जीवित रखते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User