उरई सिलेंडर ब्लास्ट में 5 मासूम बच्चे 55% तक झुलसे:झांसी IG आधी रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे, 19 में से 10 की हालत नाजुक
उरई में पार्षद माता प्रसाद के घर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से झुलसे 19 घायलों को रविवार देर रात झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। सभी को यहां प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में रखा गया है। इसमें से 10 की हालात नाजुक बनी है। इसमें 5 मासूम बच्चे भी शामिल है। वे 20 से 55 प्रतिशत से झुलसे है। देर रात लगभग 12 बजे झांसी आईजी आकाश कुलहरि भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। बाद में प्रिंसिपल डॉ. सुधीर सिंह से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। आईजी ने कहा- गैस सिलेंडर लीक होने के बाद आग लग गई। तब बस्ती के कुछ बच्चे और महिलाएं आग देखने पहुंच गईं। इस दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस वजह से थोड़ी बड़ी त्रासदी हुई है। 5 की हालत नाजुक है। डॉक्टरों की टीम उनका बेहतर इलाज कर रही है। आईजी के साथ एसएसपी विकास कुमार भी थे। 15 डॉक्टरों की टीम लगाई, प्रिंसिपल खुद पहुंचे सिलेंडर ब्लास्ट के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। एडी हेल्थ ने सीधे झांसी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुधीर सिंह को कॉल कर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बाद में झांसी डीएम गौरांग राठी ने भी अलर्ट कर दिया। इसके बाद सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी के 15 डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई। प्लास्टिक सर्जरी वार्ड के बेड भी खाली करा लिए गए। रात 10 बजे से घायलों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे बाद में 19वां घायल पुष्पेंद्र देर रात 12:35 बजे झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां सभी को भर्ती कर लिया गया। 10 घायलों की हालत ज्यादा नाजुक रविवार शाम उरई के शांतिनगर में पार्षद माता प्रसाद के मकान में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके से निकले टुकड़ों एवं आग की चपेट में आने से वहां मौजूद लोग झुलस गए। हादसे में कुल 23 लोगों के घायल हुए। इनमें 13 बच्चे, 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। इसमें से 19 घायलों को झांसी रेफर किया गया। इसमें से 10 की हालात नाजुक बनी है। इसमें 8 साल की वैष्णवी 55 फीसदी, 32 साल की दयावती 60 फीसदी, 41 साल के दयानंद 50 फीसदी, 45 साल की सोमवती 40 फीसदी, 45 साल का बबलू 60 फीसदी, 62 साल की मुन्नी देवी 50 फीसदी झुलसी है। वहीं, 7 साल का कृष 40 फीसदी, 8 साल का दीपेश 25 फीसदी, 10 साल की अंशिका 30 फीसदी और 9 साल का उमंग 30 फीसदी तक झुलसे हैं। बाकी के घायल 5 से 20 फीसदी तक झुलसे हैं। सभासद के मकान में चाय बनाते समय हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, शांतिनगर निवासी सभासद माता प्रसाद के मकान में रविवार शाम परिवार के लोग चाय बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के साथ सिलेंडर के टुकड़े आसपास जा गिरे। इसकी चपेट में सभासद के परिवार के 10 से अधिक सदस्यों समेत आसपास मौजूद लोग आ गए। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर पाया काबू हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों की हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। आईजी बोले- गैस सिलेंडर लीक होने से हादसा हुआ झांसी आईजी आकाश कुलहरि ने बताया- उरई के शांति नगर मोहल्ले में पार्षद माता प्रसाद के घर के अंदर गैस सिलेंडर लीक होने के बाद आग लग गई। इस पर बस्ती के कुछ बच्चे, महिलाएं देखने पहुंच गए। तभी गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। पास में एक अन्य गैस सिलेंडर भी पड़ा था, उसमें विस्फोट नहीं हुआ। इससे कई लोगों को बर्न इंजरी हुई। उरई से रेफर 19 लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इसमें से 5 की हालत नाजुक बनी है। उनको 50 प्रतिशत से ज्यादा बर्न इंजरी है। डॉक्टरों की टीम ट्रीटमेंट कर रही है। दो से तीन दिनों तक मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाच चलेगा। हमें उम्मीद है कि सभी को बचा लिया जाएगा। हादसे के बाद फायरबिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची थी। जांच में स्पष्ट हुआ है कि गैस सिलेंडर लीक होने के बाद फटने से त्रासदी थोड़ी ज्यादा बड़ी हुई है। सिलेंडर फटने के बाद उसके टुकड़े दूर तक मिले हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)