कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:आतंकी हमलों से निपटने की मॉकड्रिल; 3 पतियों को छोड़ा, चौथे के साथ रह रही पत्नी अरेस्ट

Nov 23, 2026 - 06:20
0
कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:आतंकी हमलों से निपटने की मॉकड्रिल; 3 पतियों को छोड़ा, चौथे के साथ रह रही पत्नी अरेस्ट
नमस्कार, कानपुर की कल (रविवार) की 10 बड़ी खबरें…आजाद नगर में शाम 6 बजे युद्ध, आतंकी हमलों और आपदा जैसी स्थितियों से निपटने के लिए मॉकड्रिल हुई। तीन शादियां करने वाली दुल्हन चौथे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वह चौथी शादी की तैयारी में थी, तभी उसके कारनामों का भंडाफोड़ हो गया। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- पति के सामने ट्रेन के आगे कूदी पत्नी, 4 साल की बेटी पूछती रही- मम्मा कहां हैं कानपुर के कल्याणपुर में रविवार सुबह पति के सामने 28 वर्षीय सिमरन ट्रेन के आगे कूद गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। मां ने हत्या की आशंका जताई है। बताया कि सिमरन ने 2019 में अमन से लव मैरिज की थी। ससुराल में विवाद के बाद 6 महीने से मायके में रह रही थी। 15 दिन पहले पति उसे वापस ले आया था। उसकी 4 साल की बेटी मां को तलाशती रही। डीसीपी के मुताबिक, जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर... 2- तीन पतियों को छोड़कर लिव-इन में रह रही थी दुल्हन, चौथी शादी की तैयारी थी; 6 गिरफ्तार तीन शादियां करने वाली कानपुर की दुल्हन चौथे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वह चौथी शादी की तैयारी में थी, तभी उसके कारनामों का भंडाफोड़ हो गया। दरअसल, तीसरे पति ने पुलिस से शिकायत कर दुल्हन प्रगति पर 16 लाख रुपए के जेवर और कैश लेकर फरार होने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर... 3- कानपुर जू का सर्पगृह बंद, 100 दिन बिना खाए-पिए शीतनिद्रा में रहेंगे सांप कानपुर चिड़ियाघर का सर्पगृह बंद कर दिया गया है। अब इसे मार्च 2027 में खोला जाएगा। ठंड में सांप करीब 100 दिन तक बिना खाए-पिए शीतनिद्रा में रहेंगे। जू के डॉक्टर मोहम्मद नासिर के मुताबिक, तापमान 16 डिग्री से नीचे जाने पर सांपों की गतिविधियां कम हो जाती हैं। ठंड से बचाने के लिए बाड़ों में 200 वाट के बल्ब लगाए जाएंगे। कंबल और जूट के बोरे भी बिछाए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर... 4- कानपुर-सागर हाईवे पर 10 किमी लंबा जाम, 8 घंटे बाद बहाल हुआ ट्रैफिक कानपुर-सागर हाईवे पर शादी की सहालग के चलते रात में भीषण जाम लगा। बिधनू से बिनगवां तक करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। जल्दबाजी में ओवरटेक और आड़े-तिरछे वाहन घुसाने से यातायात बाधित हुआ। गेस्ट हाउसों में पार्किंग की कमी और सड़क पर बारात निकलने से भी समस्या बढ़ी। बिधनू पुलिस ने करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पढ़ें पूरी खबर... 5- मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कानपुर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष, गंगा पूजन किया पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कानपुर के मेस्कर घाट पर कार्यक्रम हुआ। इसमें पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मां गंगा का आशीर्वाद लिया और नेताजी के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह ने हमेशा एकता और भाईचारे का संदेश दिया। प्रतापगढ़ की कथा पर उन्होंने समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर... 6- लंग कैंसर के 40% मरीजों ने कभी नहीं पी सिगरेट, महिलाओं में भी बढ़े मामले लंग कैंसर अब सिर्फ धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं है। करीब 40% मरीज ऐसे हैं, जिन्होंने कभी सिगरेट या तंबाकू का सेवन नहीं किया। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में नैलकॉन-2026 के समापन पर डॉ. जेके सैनी ने बताया कि वायु प्रदूषण, चूल्हे का धुआं और पैसिव स्मोकिंग इसकी प्रमुख वजहें हैं। 70-80% मरीजों में कैंसर तीसरी-चौथी स्टेज में पकड़ में आता है। खांसी में खून, सीने में दर्द और वजन घटना चेतावनी के लक्षण हैं। पढ़ें पूरी खबर... 7- कानपुर में 10 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद हुई बिजली कानपुर के आजाद नगर में रविवार शाम 6 बजे युद्ध, आतंकी हमलों और आपदा जैसी स्थितियों से निपटने के लिए मॉकड्रिल हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज परिसर में खतरे का सायरन बजते ही बिजली बंद कर दी गई। करीब 10 मिनट तक ब्लैकआउट रहा। अभ्यास में सेना, पुलिस, होमगार्ड और स्वास्थ्य विभाग समेत 12 विभाग शामिल हुए। अधिकारियों ने राहत-बचाव की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा। बच्चों और युवाओं को भी जागरूक किया गया। पढ़ें पूरी खबर... 8- कानपुर में 90 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें, नालियां और पार्क; केडीए ने जारी किए टेंडर कानपुर में विकास कार्यों पर केडीए करीब 90 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इस्पात नगर में सड़क और नालियों के निर्माण पर 54.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। हैलट पुल से नमक फैक्ट्री तक सड़क चौड़ीकरण, ड्रेन और फुटपाथ निर्माण पर 17 करोड़ रुपए लगेंगे। टीपी नगर फेज-3 में 5.60 करोड़ से ओपन पार्किंग बनेगी। उन्नाव के मराला चौराहे का 1.98 करोड़ से सौंदर्यीकरण होगा। पार्कों में प्रकाश व्यवस्था भी सुधारी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 9- सपा का आखिरी चुनाव होगा 2027, इसके बाद उसे पीडीए में जाना होगा: मोहसिन रजा यूपी अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा रविवार शाम कानपुर पहुंचे। चमनगंज में भाजपा कार्यकर्ता मोहम्मद आजीज के आवास पर उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव सपा का आखिरी चुनाव होगा। इसके बाद उसे पीडीए में ही जाना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा की फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 का प्रदर्शन दोहराने की बात कही। रजा ने असदुद्दीन ओवैसी पर भी तंज कसा। पढ़ें पूरी खबर... 10- बंद फैक्ट्री में खून से लथपथ मिला 67 वर्षीय गार्ड का शव, हत्या की आशंका कानपुर के पनकी स्थित बंद केसीके फैक्ट्री में दोपहर में सुरक्षा गार्ड श्रीपाल राजपूत (67) का शव बाथरूम के बाहर खून से लथपथ मिला। उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने भारी वस्तु से वार कर हत्या की आशंका जताई और साथी गार्ड पर संदेह किया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User