आगरा में आतिशबाजी से दीवाली पर 12 जगह आग लगी:जूता कारखाना, फलों की दुकान, मकानों में आग से भारी नुकसान, रात भर दौड़ती रही दमकल की टीम
आगरा में दीपावली की खुशियों के बीच आतिशबाजी की चिंगारियों ने ताजनगरी में भारी तबाही मचा दी। पटाखों की चिंगारी से जूता कारखाने, फलों की दुकान और मकानों समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें रविवार रात से सोमवार सुबह तक शहर भर में दौड़ती रहीं। लक्ष्मी नगर में जूता कारखाना जला
सबसे बड़ी घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई। यहां पटाखों से निकली चिंगारी एक जूता कारखाने में जा गिरी। कारखाने में रखे केमिकल और चमड़े के सामान ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कारखाने का भारी नुकसान हो चुका था। बिचपुरी स्टेशन के पास फल की दुकान राख
बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास एक फलों की दुकान में भी भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पूरी दुकान जलकर राख हो गई। व्यापारी का सारा सामान नष्ट हो गया। वहीं आवास विकास कॉलोनी में एक मकान में भी आतिशबाजी से आग लग गई, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। पूरी रात दौड़ती रहीं दमकल की गाड़ियां
दीवाली की रात शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आग लगने की सूचनाएं आती रहीं। दमकल की गाड़ियां एक स्थान से दूसरे स्थान दौड़ती रहीं। गनीमत रही कि सभी जगह समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि लाखों रुपये के माल के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)