पीएम मोदी को संदीप-सौरभ की शादी का न्योता:कल्याण सिंह के पूर्व सांसद पुत्र राजवीर सिंह परिवार संग अलीगढ़ से पहुंचे दिल्ली

Nov 10, 2026 - 20:04
0
पीएम मोदी को संदीप-सौरभ की शादी का न्योता:कल्याण सिंह के पूर्व सांसद पुत्र राजवीर सिंह परिवार संग अलीगढ़ से पहुंचे दिल्ली
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह के परिवार में होने वाले दोहरे विवाह समारोह की तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं। योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शादी का निमंत्रण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गया है। मंगलवार को संदीप सिंह ने अपने पिता एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह, मां एवं पूर्व विधायक प्रेमलता वर्मा, छोटे भाई सौरभ और बहन के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों भाइयों के विवाह का निमंत्रण कार्ड प्रधानमंत्री को भेंट किया। पिता ने सोशल मीडिया पर साझा की मुलाकात पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पेज पर साझा की हैं। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री से सपरिवार शिष्टाचार भेंट कर दोनों सुपुत्रों के शुभ विवाह का सादर निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री का स्नेह, आत्मीयता और मंगलकामनाएं परिवार के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेंगी। प्रधानमंत्री को निमंत्रण दिए जाने के बाद दोनों भाइयों की शादी की चर्चा राजनीतिक हलकों में भी तेज हो गई है। 14 नवंबर को तालानगरी में जुटेगा जमावड़ा दोनों भाइयों का तिलक समारोह 14 नवंबर को अलीगढ़ की तालानगरी में आयोजित होगा। इसके लिए तालानगरी में विशाल मैदान पर भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। एक ही आयोजन में दोनों भाइयों का तिलक होगा। इसमें प्रदेश और देश के बड़े राजनीतिक चेहरे, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। शहर से गांवों तक निमंत्रण, फोन और ई-कार्ड से बुलावा समारोह को यादगार बनाने के लिए अलीगढ़ शहर से लेकर पूरे जिले में निमंत्रण पहुंचाया जा रहा है। राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों को व्यक्तिगत फोन कॉल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मोबाइल पर ई-कार्ड भेजकर भी 14 नवंबर के आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया जा रहा है। अतरौली विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र के लोगों को आयोजन स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। इससे साफ है कि परिवार इस आयोजन में अपने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ आम लोगों की भी बड़ी भागीदारी चाहता है। संदीप की स्कूल की दोस्त मेघना बनेंगी दुल्हन संदीप सिंह की शादी गाजियाबाद में रहने वाली मेघना चौधरी से तय हुई है। मेघना का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के तारापुर गांव से जुड़ा है। खास बात यह है कि संदीप और मेघना की पहचान दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। स्कूल के दिनों की दोस्ती अब वैवाहिक रिश्ते में बदलने जा रही है। वहीं छोटे भाई सौरभ सिंह का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है। अंतरा का परिवार मुजफ्फरनगर से जुड़ा बताया गया है। 26-27 नवंबर को दिल्ली में शादी दोनों भाइयों का विवाह समारोह 26 और 27 नवंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित है। इसके लिए दिल्ली में भव्य आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और देश की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। परिवार की ओर से प्रमुख मेहमानों को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देने का सिलसिला भी जारी है। कल्याण सिंह की राजनीतिक विरासत से जुड़ा परिवार संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र और पूर्व सांसद राजवीर सिंह के बड़े बेटे हैं। कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा के प्रमुख चेहरों में रहे। राम मंदिर आंदोलन से लेकर प्रदेश की सत्ता तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संदीप सिंह अतरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके छोटे भाई सौरभ सिंह भी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User