आगरा में दिनदहाडे़ घर में लाखों की चोरी:परिवार दीवाली की खरीदारी को बाजार गए थे, चोरों ने ताले तोड़ दिए
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लोग दो घंटे के लिए बाहर गए थे, इसी बीच में चोर घर में घुसे और आभूषण और नकदी समेत करीब 14 लाख रुपये कीमत का माल ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ट्रांस यमुना क्षेत्र के नगला रामबल स्थित आजाद नगर में सतेंद्र सिंह पिछले सात साल से परिवार के साथ रह रहे हैं। वह पीवीसी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। उनका बेटा विक्की ठाकुर नोएडा में नौकरी करता है। घर पर पत्नी विनीता चौहान और बेटी नेहा चौहान रहती हैं। विक्की हर शनिवार घर आता है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह मां और बहन के साथ दिवाली की खरीदारी करने ट्रांस यमुना कॉलोनी बाजार गया था। परिवार करीब ढाई बजे लौटा तो मुख्य गेट का कुंडा और ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्सों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। विक्की ने बताया कि चोर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद ले गए। परिवार के मुताबिक चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 14 लाख रुपये है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। मां का रो-रोकर बुरा हाल
घर में बिखरा सामान और खाली अलमारी देखकर विनीता चौहान का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मेहनत से जुटाए आभूषण चोरी होने से वह टूट गईं। रोते हुए बोलीं, 'मेरी वर्षों की पूंजी चुरा ले गए।' परिवार के लिए दिवाली की खुशियां पलभर में चिंता और मायूसी में बदल गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)