आरएसएस के सह सर कार्यवाह ने की गोवर्धन पूजा:मथुरा में कहा प्रकृति संरक्षण,धर्म के उत्थान और समाज को जोड़ने का है पर्व

Nov 10, 2026 - 14:50
0
आरएसएस के सह सर कार्यवाह ने की गोवर्धन पूजा:मथुरा में कहा प्रकृति संरक्षण,धर्म के उत्थान और समाज को जोड़ने का है पर्व
वृंदावन के केशवधाम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। मंगलवार को कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बीजेपी और आरएसएस से जुड़े बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे। दीप प्रज्वलन कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ RSS के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक समरसता, प्रकृति संरक्षण और आत्मनिर्भर समाज निर्माण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए केवल अपनी संस्कृति और ग्रंथों का बखान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। इंद्र का किया था मान भंग गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला का स्मरण कराता है, जब उन्होंने अपनी छोटी उंगली पर गिरिराज गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और ब्रज की रक्षा करते हुए इंद्र का मान भंग किया था। इसी प्रसंग से अन्नकूट महोत्सव की परंपरा जुड़ी हुई है। केशवधाम में आयोजित कार्यक्रम में इसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के साथ समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया गया। भारत ही नहीं विदेशों में भी मनाई जाती है दिवाली सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान का भी उल्लेख किया । उन्होंने कहा कि धनतेरस से भाई दूज तक मनाया जाने वाला दीपावली का पर्व केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अनेक देशों में रहने वाले भारतीय भी इसे पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं।त्रिनिदाद जैसे देशों में दीपावली के बड़े आयोजन होते हैं, जहां हजारों लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। वहीं, अमेरिका के कई राज्यों में भी दीपावली को विशेष मान्यता दी गई है। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति, योग, भगवद्गीता, रामायण और महाभारत का ज्ञान आज विश्व भर के लोगों को जीवन की दिशा देने का काम कर रहा है। ऐसे समय में जब दुनिया के अनेक हिस्सों में अशांति, पारिवारिक विघटन और आपसी द्वेष की स्थिति दिखाई दे रही है, भारत अपनी संस्कृति और जीवन मूल्यों के माध्यम से मानवता को नई दिशा दे सकता है। उन्हींने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय संस्था या संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। भारत की जीवनशैली, चिंतन, व्यवहार और संस्कृति ही उसकी वास्तविक पहचान हैं। हजारों वर्षों से भारत के साधु-संतों, फकीरों और महापुरुषों ने बिना किसी भौतिक संपत्ति के विश्वभर में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि केवल वेद, गीता और रामायण का उल्लेख करने से भारत की महानता सिद्ध नहीं होगी, बल्कि इन ग्रंथों में दिए गए आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। यह रहे मौजूद कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मल्ल विद्या प्रदर्शन को देख सभी अचंभित रह गए। कार्यक्रम में अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्री कांत शर्मा, राजेश चौधरी,मेघश्याम सिंह, पूरण प्रकाश, समाजसेवी शोभाराम शर्मा, रमाशंकर कठेरिया, नारायण दास अग्रवाल, रामकृष्ण अग्रवाल, राजेश खुराना, अमित जैन,अतुल कृष्ण भारद्वाज, रविकांत गर्ग,जितेन्द्र वार्ष्णेय,विनीत शर्मा,विजय राघव,वैभव अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User