खराब लड्डू की शिकायत पर दुकानदार पर धमकी का आरोप:संभल में परिवार ने पुलिस को दी तहरीर, दुकानदार ने ब्लैकमेलिंग बताया
संभल के चन्दौसी में दीपावली पर खरीदे गए मोतीचूर के लड्डू खराब निकलने की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। नगर की प्रसिद्ध दादा स्वीट्स पर मिठाई की गुणवत्ता की शिकायत करने पहुंचे परिवार के साथ अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में आयुषी अग्रवाल एवं कुशाग्र अग्रवाल ने मंगलवार को 4 बजे कोतवाली चन्दौसी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान से मिठाई का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। तहरीर के मुताबिक, दीपावली के दिन आयुषी के भाई दादा स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू खरीदकर लाए थे। मिठाई पूजा के लिए पंडित को देने के साथ घर आए मेहमानों को भी परोसी गई। परिवार के सदस्यों ने जब लड्डू खाए तो वे बेहद सूखे और पुराने जैसे महसूस हुए। उनमें अजीब गंध भी आ रही थी। इस पर अगले दिन शाम करीब 7:30 बजे आयुषी अपनी बहन के साथ मिठाई की शिकायत करने दुकान पहुंचीं। उधर, दुकानदार दिलीप ने आरोपों को गलत बताते हुए इसे ब्लैकमेलिंग का प्रयास बताया। उनका आरोप है कि कुछ लोग मिठाई उधार ले जाने के बाद भुगतान करने में आनाकानी करते हैं। उन्होंने कहा कि दुकान पर अभद्रता ग्राहक की ओर से की गई थी और इसका वीडियो भी मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब इस मामले में मुलाकात कोर्ट में ही होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)