यम द्वितीया से पहले घाटों का निरीक्षण किया:मथुरा में नगर आयुक्त ने सफाई, सुरक्षा और रोशनी के इंतजाम देखे
मथुरा में यम द्वितीया (भाई दूज) पर्व पर यमुना स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने व्यापक इंतजाम किए। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद संतोष पाठक के साथ यमुना के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पर्व के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत कच्चे घाट से की। इसके बाद बंगाली घाट, राजा घाट, स्वामी घाट और विश्राम घाट पहुंचकर सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा। विश्राम घाट स्थित यम-यमुना मंदिर के आसपास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर साफ-सफाई, सीवेज व्यवस्था और प्रकाश की स्थिति का निरीक्षण किया। नगर निगम की ओर से घाटों और उनसे जुड़े मार्गों पर 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सफाई टीमें तैनात की गईं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग कराने के साथ लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए। यमुना में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई। वहीं, गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैनर लगाए गए। श्रद्धालुओं को लगातार उद्घोषणा के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर स्नान करने के लिए जागरूक किया गया। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यमुना के दोनों किनारों पर स्थित कच्चे और पक्के घाटों के साथ पहुंच मार्गों पर स्थायी लाइटों को दुरुस्त कराया गया। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अस्थायी लाइटें भी लगाई गईं। पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग ढके हुए कपड़े बदलने के कक्ष बनाए गए। इसके अलावा खोया-पाया शिविर, शुद्ध पेयजल के टैंकर, मोबाइल शौचालय और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था भी की गई। तस्वीरें देखिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)