आत्महत्या मामले में पिता ने गिरफ्तारी की मांग की:बांदा में SP बोले- जल्द पकड़े जाएंगे, ट्रेन के आगे कूदकर दी थी जान
ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। युवक के पिता ने शुक्रवार दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने जांच दूसरे विवेचक से कराने की भी मांग रखी है।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडाडी गांव के रमेश कुमार सविता ने बताया कि उनके बेटे आशीष सेन ने 16 अक्टूबर को ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। युवक की मौत के बाद एक सुसाइड नोट भी मिला था।
रमेश कुमार का आरोप है कि कुछ लोग उनके बेटे से चार लाख रुपए मांग रहे थे। रुपए नहीं देने पर एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों पर फोन कर धमकाने और रुपए मांगने का भी आरोप लगाया। पिता के मुताबिक, लगातार मिल रही धमकियों और दबाव से परेशान होकर उनके बेटे ने आत्महत्या की।
इस मामले में फतेहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पिता का आरोप है कि मुकदमे में नामजद आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नाम भी प्राथमिकी में शामिल नहीं किए गए।
रमेश कुमार ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि मुकदमे में समझौता नहीं करने पर आरोपी उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने और गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए दूसरे सक्षम विवेचक से जांच कराने और नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
एसपी पलाश बंसल ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)