फतेहपुर में किसानों को समितियों से खाद नहीं मिली:कालाबाजारी और दलालों की दबंगई के आरोप; डीएपी 2,000 और यूरिया 500 रुपए प्रति बोरी बिकने का दावा
फतेहपुर में खाद की कमी से नाराज किसानों ने शुक्रवार को सहकारी समिति के बाहर हंगामा किया। किसानों का कहना है कि सुबह से कतार में लगने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल रही है। किसान बालराज, राम शरण मिश्रा और नीरज सिंह ने आरोप लगाया कि समितियों में डीएपी की तय कीमत 1,360 रुपए और यूरिया की 200 रुपए प्रति बोरी है। इसके बावजूद समिति के कर्मचारी रात में खाद निजी दुकानदारों को बेच देते हैं। किसानों के मुताबिक, निजी दुकानों पर डीएपी 2,000 रुपए और यूरिया 500 रुपए प्रति बोरी तक बेची जा रही है। इससे किसानों को मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। किसानों ने समितियों में निजी दलालों के दखल का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि खाद की उपलब्धता या अपनी बारी के बारे में पूछने पर दलाल गाली-गलौज करते हैं और उन्हें वहां से भगा देते हैं। खाद नहीं मिलने से बुवाई में हो रही देरी किसानों का कहना है कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है। इससे फसलों की बुवाई में देरी हो रही है। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के राष्ट्रीय महामंत्री रामदत्त मिश्रा ने फोन पर कहा कि किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद संगठन के पदाधिकारी संबंधित अधिकारियों के साथ समितियों का निरीक्षण करेंगे और किसानों को खाद दिलाने का प्रयास करेंगे। प्रशासन बोला- जिले में पर्याप्त खाद, जांच के लिए भेजी टीम सहायक निबंधक (एआर) सहकारिता ने फोन पर बताया कि जिले की सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों की ओर से लगाए गए आरोपों और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)