अधिवक्ता ने चौकी में मारपीट का आरोप लगाया:पुलिसकर्मियों पर पीटने और भाई का पैर टूटने का दावा; वकीलों ने SSP से कार्रवाई की मांग की

Nov 18, 2026 - 19:36
0
अधिवक्ता ने चौकी में मारपीट का आरोप लगाया:पुलिसकर्मियों पर पीटने और भाई का पैर टूटने का दावा; वकीलों ने SSP से कार्रवाई की मांग की
सहारनपुर की काशीराम पुलिस चौकी में अधिवक्ता अमित कुमार और उनके दो रिश्तेदारों से मारपीट का आरोप लगा है। अमित ने चौकी प्रभारी, एसआई और तीन निजी लोगों पर मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और जबरन समझौता कराने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि मारपीट में एक रिश्तेदार का पैर टूट गया और दूसरे को गंभीर चोटें आईं। बुधवार दोपहर 2 बजे अधिवक्ता अपने साथी के समर्थन में पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। अमित के मुताबिक,7 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह रिश्तेदार रोहित उर्फ दीपू और सौरभ के साथ पैरामाउंट से मिठाई देकर लौट रहे थे। काशीराम चौकी के पास एक खोखे पर सिगरेट लेने के दौरान दुकानदार से कहासुनी हुई। आरोप है कि खोखे वाले ने डंडे से उनकी कमर पर वार किया। अमित ने बताया कि शिकायत लेकर चौकी पहुंचने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। खुद को अधिवक्ता बताने पर पुलिसकर्मी भड़क गए। आरोप है कि चौकी के अंदर पुलिसकर्मियों और तीन निजी लोगों ने उन्हें और उनके रिश्तेदारों को पीटा। अमित का आरोप है कि उनके साथ जातिसूचक शब्द कहे गए और पूरी रात मारपीट की गई। इस दौरान रोहित का पैर टूट गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने दबाव डालकर समझौता कराया और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। अमित ने चौकी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आने की बात कही। अमित के अनुसार,8 नवंबर को एसएसपी से शिकायत करने पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए थे। उनका आरोप है कि मूल शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय दबाव में लिखवाए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर एनसीआर दर्ज की गई। अमित ने कहा कि एफआईआर में एक व्यक्ति को नामजद और तीन को अज्ञात बताया गया,जबकि दोनों पुलिसकर्मियों के नाम शामिल नहीं किए गए। अधिवक्ता जगमोहन प्रजापति ने घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे बार में रोष है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होने तक अधिवक्ता पीछे नहीं हटेंगे। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता जान निसार चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अपने कर्मचारियों को बचाने के लिए दूसरी रिपोर्ट दर्ज कराई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User