अज्ञात महिला की पहचान के लिए 22 टीमें गठित:यूपी और एमपी के 15 जिलों में भेजी गईं, गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालेंगी पुलिस
फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में मिली अज्ञात महिला की पहचान के लिए पुलिस ने 22 विशेष टीमें गठित की हैं। बुधवार को एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने इन टीमों को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 15 जिलों में रवाना किया। कुछ दिन पहले कोरा कनक मोड़ से मुत्तौर जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे झाड़ियों के बीच एक खंती में करीब 30 साल की महिला का शव मिला था। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस महिला की पहचान के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। बुधवार शाम करीब 7 बजे एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों और जांच टीमों के साथ बैठक की। उन्होंने अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की और जांच के सभी पहलुओं पर काम करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद 22 विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती व प्रमुख जिलों समेत कुल 15 जिलों में भेजा गया है। एसपी ने सभी टीमों को संबंधित जिलों में जाकर स्थानीय थानों से समन्वय स्थापित करने, गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालने और सार्वजनिक स्थानों पर पंपलेट चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रचार-प्रसार के अन्य माध्यमों का भी इस्तेमाल करने को कहा है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिला पुलिस अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जल्द ही मृतका की पहचान कर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)