अखिलेश बोले, CM ने भगवान कृष्ण का अपमान किया:कहा, गोपालकों को अपशब्द नहीं कहना चाहिए, हार की आशंका से बिगड़ रही भाषा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भगवान श्रीकृष्ण और गोपालकों के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गोपालकों को अपशब्द कहना अप्रत्यक्ष रूप से भगवान श्रीकृष्ण का अपमान है। मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मंच से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर कहा था कि अगर तुम्हारे घर में उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते। अखिलेश यादव ने इसी का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पहले भगवान राम के मंदिर में चढ़ावे, चंदे और दान की चोरी के मामले में एक बड़े गिरोह के साथ जुड़े लोगों को बचाने का काम कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भगवान कृष्ण को लेकर आपत्तिजनक बातें की जा रही हैं। यह सब अपनी सत्ता और विचारधारा को स्थापित करने की कोशिश में किया जा रहा है। पाल समाज और अहिल्याबाई का भी उठाया मुद्दा अखिलेश ने वाराणसी में पाल समाज के लोगों पर लाठीचार्ज और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम और भगवान कृष्ण के। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का व्यवहार धार्मिक आस्थाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों का अपमान करने वाला है। बोले- कमजोर पड़ने पर दूसरे लोगों का सहारा ले रहे सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री अब कमजोर पड़ गए हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश में ऐसे लोगों को बुलाया जा रहा है, जो समाज को बांटने वाली भाषा बोलते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और ऐसे लोगों की वेशभूषा, भाषा और भगवान राम-कृष्ण को लेकर दिए गए बयान में समानता है। अखिलेश ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री का प्रभाव कायम होता तो वह ऐसे लोगों को प्रदेश में आने की अनुमति नहीं देते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे बयानों पर रोक नहीं लगाएंगे, क्योंकि उनकी विचारधारा भी वैसी ही है। याद दिलाई भाषा की मर्यादा अखिलेश ने मुख्यमंत्री को सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक संवैधानिक पद पर हैं। ऐसे में उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। सनातनी कपड़े पहनकर इतनी घटिया भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले भी एक युवा मृतक की मां, प्राचार्यों, पत्रकारों और अधिकारियों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द ही इतिहास बनने वाले हैं। अब यह उनके ऊपर है कि वह भाषा और व्यवहार के इतिहास में अपना नाम किस तरह दर्ज कराते हैं। 2024 और 2026 की हार से डरे हैं मुख्यमंत्री सपा अध्यक्ष ने कहा कि हार सामने देखकर बड़े-बड़े नेता विचलित हो जाते हैं और अपनी भाषा की मर्यादा भूल जाते हैं। मुख्यमंत्री के साथ भी ऐसा ही हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2024 और 2026 की हार की वजह से मुख्यमंत्री परेशान हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। अखिलेश ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जीत रहे होते तो अपनी सरकार और उपलब्धियों की बात करते। लेकिन वह लगातार विरोधियों पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 का चुनाव अब 5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों बनाम 95 प्रतिशत PDA के बीच होगा।उन्होंने कहा कि PDA में अब हर समाज के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हो रहे हैं। इसी वजह से PDA का जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)