भरतपुर गेट से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क बनेगी:नगर आयुक्त ने पैदल निरीक्षण किया, फुटपाथ और जल निकासी भी सुधरेगी
मथुरा में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम-ग्रिड्स) के अंतर्गत भरतपुर गेट से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। गुरुवार को नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का पैदल भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत जनरल गंज स्थित नगर निगम के सिटी जोन कार्यालय से हुई। नगर आयुक्त ने जनरल गंज से कृष्णापुरी तिराहे तक पैदल भ्रमण किया। इसके बाद कृष्णापुरी तिराहे से जनरल गंज और होली गेट स्थित रेलवे फाटक होते हुए भरतपुर गेट तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क की वर्तमान स्थिति, फुटपाथ, नाले-नालियों, जल निकासी व्यवस्था और विद्युत केबल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था आरसीसी डेवलपर्स के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण के साथ फुटपाथ और जल निकासी व्यवस्था को भी व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान मार्ग के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण भी मिला। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ मार्ग की सुंदरता और उपयोगिता भी बढ़ेगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)