चीफ फार्मासिस्ट बोले- सीएमओ ने 100 डॉक्टरों को फरार कराया:एडी के सामने तीखी बहस, रुका वेतन और अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
गोंडा जिला महिला अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट और डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सालिकराम त्रिपाठी शुक्रवार शाम करीब 6 बजे फार्मासिस्टों की समस्याएं लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे। यहां देवीपाटन मंडल के एडी स्वास्थ्य डॉ. अनिल कुमार चौधरी और सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान सालिकराम ने सीएमओ पर डॉक्टरों की अनुपस्थिति और अन्य अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई। सीएचसी छपिया के पांच डॉक्टरों के गायब होने का आरोप सालिकराम त्रिपाठी ने एडी स्वास्थ्य से कहा कि सीएचसी छपिया में 17 लोगों की सूची उनके पास है, जिनमें पांच डॉक्टर गायब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में करीब 100 डॉक्टर फरार हैं। सीएचओ की अनुपस्थिति और सीएचसी अधीक्षकों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों से भी पैसे लिए जा रहे हैं। इस पर सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने हल्के लहजे में कहा, "ठीक है, हम भी भागने वाले हैं।" इस पर सालिकराम ने जवाब दिया, "आप भी भाग जाइए, कोई दिक्कत नहीं है।" फार्मासिस्टों का वेतन रोकने पर जताई नाराजगी सालिकराम ने कहा कि फार्मासिस्ट अपना अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। दीपावली के मौके पर कई फार्मासिस्टों का वेतन रोक दिया गया, जो गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो एडी कार्यालय के बाहर रोजाना दो घंटे धरना दिया जाएगा। सफाई बजट और व्यवस्था पर भी उठाए सवाल सालिकराम ने अस्पतालों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सफाई की जिम्मेदारी फार्मासिस्टों की नहीं है। इसके लिए हर साल ढाई लाख रुपए का बजट आता है, लेकिन उनके मुताबिक सीएमओ की ओर से सफाई के लिए एक रुपया भी नहीं दिया गया। एडी स्वास्थ्य ने समाधान का दिया आश्वासन देवीपाटन मंडल के एडी स्वास्थ्य डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने फार्मासिस्टों और उनके साथ आए लोगों को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)