अखिलेश के स्वागत में आज दिनभर जुटे रहे सपा कार्यकर्ता:गोरखपुर में कल PDA रथ यात्रा निकालेंगे; एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक होगा स्वागत

Nov 17, 2026 - 18:47
0
अखिलेश के स्वागत में आज दिनभर जुटे रहे सपा कार्यकर्ता:गोरखपुर में कल PDA रथ यात्रा निकालेंगे; एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक होगा स्वागत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 18 नवंबर को गोरखपुर आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को दिनभर सपा नेता और कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में जुटे रहे। एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक PDA रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह स्वागत की तैयारी की गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और आसपास के जिलों से आने वाले सपा नेता शामिल होंगे। अखिलेश यादव के गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद PDA रथ यात्रा शुरू होगी। यात्रा नंदानगर होते हुए कूड़ाघाट चौराहे से आगे बढ़ेगी। इसके बाद इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से होते हुए चौरीचौरा के लिए रवाना होगी। चौरीचौरा क्षेत्र के देवकहिया गांव में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर अखिलेश यादव जनसभा को संबोधित करेंगे। पूरे रास्ते में कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह धर्मशाला बाजार स्थित तिवारीहाता भी पहुंचेंगे। पार्टी कार्यालय पर दिखा मिला-जुला माहौल मंगलवार शाम बेतियाहाता स्थित सपा के जिला कार्यालय पर अपेक्षाकृत सन्नाटा नजर आया। कार्यालय में कुछ कार्यकर्ता ही मौजूद थे। हालांकि, कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी के सभी नेता और पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। अखिलेश यादव के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उनका दावा है कि बुधवार को एयरपोर्ट से लेकर चौरीचौरा तक बड़ी संख्या में समर्थक जुटेंगे। युवाओं में PDA रथ यात्रा को लेकर उत्साह सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष बालेंद्र यादव ने कहा कि 18 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गोरखपुर की धरती पर आ रहे हैं। इसे लेकर जिले का एक-एक समाजवादी कार्यकर्ता जी-जान से तैयारियों में जुटा है। चौरीचौरा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। PDA रथ यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि सभी समाजवादी एकजुट होकर 2027 में अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे। बूथ से सेक्टर स्तर तक कार्यकर्ताओं को किया जा रहा एकजुट पार्टी कार्यालय पर मौजूद कार्यकर्ता मोहम्मद अली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्वागत के लिए सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। PDA यात्रा के जरिए पार्टी की आवाज जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। इसके लिए बूथ से लेकर सेक्टर स्तर तक कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगे। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी लोग अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं। आसपास के जिलों से भी पहुंचेंगे कार्यकर्ता सपा नेताओं को उम्मीद है कि गोरखपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता अपने समर्थकों के साथ पहुंचेंगे। PDA रथ यात्रा के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए माहौल बनाने की कोशिश में जुटी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस कार्यक्रम के जरिए PDA की आवाज को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User