अलीगढ़ में 225 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ:सामूहिक विवाह में गूंजे वैदिक मंत्र और पढ़ा गया निकाह, दो स्थानों पर सजे शादी के मंडप
किसी मंडप में वैदिक मंत्र गूंजे तो कहीं कुरान की आयतों के बीच निकाह पढ़ा गया। चेहरे पर शादी की खुशी, अपनों का आशीर्वाद और नई जिंदगी के सपने... मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को जिले में दो स्थानों पर आयोजित समारोहों में करीब 225 जोड़े विवाह बंधन में बंध गए। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। एक मंच पर दिखी सामाजिक समरसता समारोह में हिंदू जोड़ों का विवाह पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों से कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। अलग-अलग रीति-रिवाजों के बीच एक ही आयोजन में 225 परिवारों की खुशियां जुड़ीं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह आयोजन बेटियों की शादी का खर्च उठाने की बड़ी चिंता से राहत लेकर आया। 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख की मदद कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि पहले गरीब परिवार बेटी की शादी के लिए कर्ज के बोझ तले दब जाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाकर ऐसे परिवारों को बड़ी राहत दी है। योजना की सहायता राशि भी 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है, जिससे विवाह समारोह सम्मान और भव्यता के साथ आयोजित हो सकें। जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद जिला पंचायत प्रशासक विजय सिंह और एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कोल और शहर विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थियों को आशीर्वाद दिया। इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी ने इगलास विधानसभा क्षेत्र के नवदंपतियों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह योजना बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। खाने से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम समारोह में वर-वधू पक्ष के परिजनों और मेहमानों के लिए भोजन, मिष्ठान, पेयजल, बैठने, बिजली, स्वच्छता और सुरक्षा के इंतजाम किए गए। आयोजन स्थलों पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी भी अब पूरे सम्मान और भव्यता के साथ हो रही है। यह मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम है। अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी आयोजन को सफल बनाने में डीडीओ सुभाष नेमा, पीडी डीआरडीए आरके कुरील, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)