उधना से रक्सौल के बीच गोरखपुर होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन:लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर 5 ट्रेनें होंगी प्रभावित; जानिए बदला हुआ समय
दीपावली और छठ के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के बीच रेलवे ने उधना से रक्सौल के बीच वाया गोरखपुर एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 09161 उधना-रक्सौल त्योहार विशेष ट्रेन शुक्रवार को उधना से रवाना होकर रात 7:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, दूसरी ओर लखनऊ-कानपुर सेंट्रल रेलखंड पर आरएच गर्डर लॉन्चिंग के काम के चलते गोरखपुर और बरौनी से चलने वाली पांच ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेगा। इनमें गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस, बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस और गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम उत्तर एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को 40 से 80 मिनट तक नियंत्रित करके चलाया जाएगा। रेलवे के मुताबिक, उधना-रक्सौल स्पेशल ट्रेन 20 नवंबर को दोपहर 2 बजे उधना से रवाना होगी। यह वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, आगरा, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए रात 7:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से रात 10:55 बजे रवाना होकर पनियहवा, नरकटियागंज होते हुए तीसरे दिन रात 2 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें स्लीपर श्रेणी के 17, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 3 और एसएलआर के 2 कोच शामिल हैं। त्योहार के बाद वापसी करने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। गर्डर लॉन्चिंग के लिए लिया जाएगा ब्लॉक उत्तर रेलवे के लखनऊ-कानपुर सेंट्रल रेलखंड पर तीन समपारों के बीच आरएच गर्डर लॉन्चिंग का काम होना है। इसके लिए हरौनी-जैतीपुर के बीच, पिपरसंड-हरौनी के बीच और अमौसी-पिपरसंड के बीच पावर और यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते अलग-अलग तारीखों में पांच ट्रेनों को नियंत्रित करके चलाने का निर्णय लिया गया है। गोरखपुर से 21 नवंबर को चलने वाली 19410 गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस उत्तर रेलवे में 40 मिनट नियंत्रित रहेगी। इसी ट्रेन को 28 नवंबर को 50 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, बरौनी से 20 और 27 नवंबर को चलने वाली 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस 40 मिनट नियंत्रित रहेगी। 5 दिसंबर को इसी ट्रेन को 80 मिनट नियंत्रित करके चलाया जाएगा। इसके अलावा 6 दिसंबर को गोरखपुर से चलने वाली 12511 गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम उत्तर एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन (पूर्वोत्तर रेलवे) में 50 मिनट नियंत्रित रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर कर लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)