छात्राएं अब प्रयोगों से समझेंगी विज्ञान के सिद्धांत:करामत हुसैन गर्ल्स कॉलेज में STEM लैब शुरू, छात्राओं ने मॉडल प्रदर्शित किए

Nov 20, 2026 - 20:44
0
छात्राएं अब प्रयोगों से समझेंगी विज्ञान के सिद्धांत:करामत हुसैन गर्ल्स कॉलेज में STEM लैब शुरू, छात्राओं ने मॉडल प्रदर्शित किए
लखनऊ के करामत हुसैन मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राएं अब किताबों में पढ़े विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगों के जरिए समझ सकेंगी। इसके लिए शुक्रवार को कॉलेज में STEM लैब की शुरुआत की गई। विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित को वास्तविक जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से यह प्रयोगशाला स्थापित की गई है। AECOM के सहयोग से खुशी संस्था ने इसे तैयार किया है। अपर राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा-माध्यमिक) विष्णु कांत पांडेय ने लैब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार मौजूद रहे। 'व्यावहारिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा' डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि STEM लैब की तकनीक छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में नई उड़ान देगी। इससे विज्ञान, तकनीक और गणित के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी। वहीं, विष्णु कांत पांडेय ने कहा कि पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था में पढ़ाई अब भी काफी हद तक किताबों तक सीमित है। बच्चों को विषयों का व्यावहारिक ज्ञान देना जरूरी है। STEM लैब इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 70 छात्राओं ने बनाए 60 मॉडल इसमें 70 छात्राओं ने शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में STEM आधारित 60 मॉडल प्रदर्शित किए। डॉ. दिनेश कुमार ने मॉडलों का निरीक्षण कर छात्राओं की प्रतिभा देखी। प्रतियोगिता में ईशा शुक्ला को पहला, निस्बा को दूसरा और हुमैरा बानो को तीसरा पुरस्कार मिला। मुस्कान को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। रचनात्मकता और तकनीकी कौशल बढ़ाने पर जोर इसके जरिए छात्राएं कक्षा में सीखी बातों को प्रयोगों से समझ सकेंगी। साथ ही भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार होंगी। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक सैय्यद नावेद अहमद, प्रधानाचार्या उजमा सिद्दीकी, परियोजना निदेशक गीता भट्ट, रिचा बसन, जिला समन्वयक संतोष मिश्रा, परियोजना समन्वयक राघवेंद्र प्रताप सिंह और STEM ट्रेनर रोशनी उपाध्याय, कृतिका जाखमोला, अजरा बानो व अमिता सिंह मौजूद रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User