अम्बेडकरनगर का 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:11 साल से फरार था, लखनऊ से पकड़ा गया; धोखाधड़ी के कई केस दर्ज
अम्बेडकरनगर के टांडा में दर्ज मुकदमे में करीब 11 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अरविंद वर्मा को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी जमालापुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी तलाश कर रही पुलिस ने उसे गोमतीनगर विस्तार स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। अब उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि अरविंद वर्मा पुत्र रमापति वर्मा मूल रूप से टांडा कोतवाली क्षेत्र के जमालापुर गांव का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में टांडा कोतवाली में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गाली-गलौज, धमकी और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट की अदालत से वारंट जारी था। गिरफ्तारी नहीं होने पर आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार पाल, आरक्षी उमाकांत यादव और आरक्षी पिंटू कुमार की टीम ने पहले जमालापुर गांव में आरोपी की तलाश की। वहां उसका सुराग नहीं मिलने पर टीम लखनऊ पहुंची। गोमतीनगर विस्तार स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट में आरोपी अपने आवास पर मिल गया। पुलिस ने रात करीब 11:40 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी और स्थानीय पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ टांडा कोतवाली में वर्ष 2016 में गैरहाजिरी से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। इसके अलावा आजमगढ़ में वर्ष 2017 में धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का भी उल्लेख है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)