अम्बेडकरनगर में तेज हवा के साथ बारिश:खेतों में कटा पड़ा धान भीगा, खेतों में खड़ी फसल गिरने की आशंका

Oct 30, 2026 - 08:26
0
अम्बेडकरनगर में तेज हवा के साथ बारिश:खेतों में कटा पड़ा धान भीगा, खेतों में खड़ी फसल गिरने की आशंका
अम्बेडकरनगर में मौसम का मिजाज बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार दोपहर अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह भी मौसम का यही रुख बना रहा। आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। मौसम में आए इस बदलाव ने खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल पर संकट खड़ा कर दिया है। इन दिनों जिले में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। किसान तेजी से कटाई और मड़ाई के काम में जुटे हैं। कई किसानों ने खेतों में धान की कटाई शुरू कर दी है, जबकि कुछ खेतों में फसल अभी खड़ी है। ऐसे समय में बारिश होने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बढ़ गई है। खेतों में कटी पड़ी धान की फसल के भीगने का खतरा है। वहीं, तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है। इससे धान के दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ उत्पादन में भी नुकसान हो सकता है। किसानों के मुताबिक धान की कटाई और मड़ाई के लिए मौसम का साफ रहना जरूरी है। बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ जाती है, जिससे कटाई का काम प्रभावित होता है। वहीं, कटी हुई फसल को सुखाने में भी परेशानी होती है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इससे किसानों की लागत निकालना भी मुश्किल हो सकता है। उधर, मौसम विभाग की ओर से भी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने आगामी दिनों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में मौसम का बदला रुख किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं और मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User