अयोध्या के 13 नेताओं को संगठन में जगह:भाजपा ने साधे चुनावी समीकरण, टिकट के दावेदारों को साथ रखने की रणनीती
अयोध्या विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठन में अयोध्या के नेताओं को जगह देकर सियासी संतुलन साधने की कोशिश की है। पार्टी की ओर से जारी सूची में जिले से जुड़े 12 नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस तरह अयोध्या से जुड़े कुल 13 नेताओं को संगठन में जगह मिली है। इस फैसले को केवल संगठनात्मक विस्तार के तौर पर नहीं देखा जा रहा। इसके पीछे स्थानीय नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने, संभावित दावेदारों को पार्टी के साथ बनाए रखने और चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने की रणनीति भी नजर आती है। सूची में शामिल नेताओं के अपने-अपने क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए यह फैसला अहम माना जा रहा है। दावेदारों को साथ रखने की चुनौती विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ टिकट की दावेदारी तेज होना तय है। ऐसे में पार्टी के सामने उन नेताओं को साथ रखने की चुनौती है, जो चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं या अपने समर्थकों के बीच सक्रिय हैं। संगठन में जगह मिलने से नेताओं को पार्टी के भीतर जिम्मेदारी और भूमिका मिलती है। इससे उनकी सक्रियता बनाए रखने और संभावित असंतोष को कम करने में मदद मिल सकती है। सूची में कई चर्चित चेहरे भाजपा की सूची में बाबा गोरखनाथ, इंद्र प्रताप उर्फ "खब्बू" तिवारी, करुणाकर पांडेय, ऋषिकेश उपाध्याय, रघुनंदन चौरसिया और राम प्रियदर्शी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा संजीव सिंह, पवनश पांडेय, सुनील तिवारी, अनिल तिवारी, लल्लू सिंह और रविंद्र पटेल को भी जगह मिली है। विनय कटियार को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। टिकट वितरण पर रहेगी नजर वरिष्ठ पत्रकार आनंद मोहन पांडेय बताते है कि भाजपा के सामने चुनौती केवल नेताओं को संगठन में जगह देने की नहीं, बल्कि टिकट वितरण के समय सभी दावेदारों के बीच संतुलन बनाए रखने की भी होगी। संगठन में पद मिलने से फिलहाल नेताओं को साथ रखने का रास्ता खुलता है, लेकिन चुनावी टिकट की स्थिति अलग हो सकती है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व को स्थानीय समीकरणों, नेताओं के प्रभाव और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के बीच तालमेल बैठाना होगा। चुनाव में दिखेगा फैसले का असर अयोध्या की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के लिए संगठनात्मक एकजुटता महत्वपूर्ण है। राम मंदिर और विकास कार्यों के मुद्दों के साथ स्थानीय जनसंपर्क भी चुनावी रणनीति का हिस्सा रहेगा। नई सूची से पार्टी ने नेताओं को संगठन में प्रतिनिधित्व देने का संकेत दिया है। अब इसका वास्तविक असर इस बात से तय होगा कि ये नेता चुनावी अभियान में कितने सक्रिय रहते हैं और पार्टी के पक्ष में कितना प्रभावी काम करते हैं। टिकट वितरण के दौरान असंतोष को नियंत्रित रखना भाजपा के लिए बड़ी परीक्षा होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)