सहारनपुर में गैस एजेंसी से सिलेंडर चोरी का खुलासा:दूसरी चोरी में पकड़े गए आरोपी तो खुला 8-9 महीने पुराना राज, पहली चोरी में लग चुकी थी एफआर
सहारनपुर के थाना देवबंद क्षेत्र में गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। रणखंडी स्थित इंडेन गैस गोदाम से सिलेंडर चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद करीब आठ-नौ महीने पहले भायला गोदाम में हुई चोरी का राज भी खुल गया। पहली चोरी के मामले में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लग चुकी थी, लेकिन दूसरी चोरी की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने का सुराग मिला। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर फिरोज और उसके साथी फुरकान को गिरफ्तार कर दोनों घटनाओं से जुड़े 28 गैस सिलेंडर, तीन गैस चूल्हे और चोरी में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी बरामद की है। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि आरोपियों ने रणखंडी और भायला स्थित इंडेन गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद सिलेंडरों में रणखंडी गोदाम से चोरी के 18 और भायला गोदाम से चोरी के 10 सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस अब दोनों मामलों में आरोपियों की भूमिका और उनके अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। रणखंडी की चोरी में पकड़े गए, पूछताछ में खुली पुरानी वारदात पुलिस के मुताबिक, गांव रणखंडी निवासी विनय पुत्र राजपाल सिंह ने 20 अक्टूबर 2026 को देवबंद थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रणखंडी स्थित उनके इंडेन गैस गोदाम से अज्ञात चोर 22 भरे हुए गैस सिलेंडर और चार गैस चूल्हे चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 26 अक्टूबर को मंगलौर रोड से गांव गंगदासपुर जाने वाले जंगल के रास्ते पर चेकिंग के दौरान फिरोज और फुरकान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रणखंडी की चोरी के साथ ही भायला गोदाम से आठ-नौ महीने पहले हुए सिलेंडर चोरी के मामले का भी खुलासा हुआ। पुलिस के सामने आए तथ्यों के मुताबिक, भायला गोदाम से 18 सिलेंडर चोरी होने के मामले में पहले एफआर लग चुकी थी। अब दूसरी चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुरानी घटना के तार भी जुड़ गए। इस तरह एक नई चोरी की जांच ने पुलिस को पुराने मामले तक पहुंचा दिया। रणखंडी से 22 सिलेंडर और चार चूल्हे चोरी किए थे पूछताछ में फिरोज ने पुलिस को बताया कि करीब पांच-छह दिन पहले उसने अपने साथियों के साथ देवबंद-रणखंडी रोड पर रणखंडी से पहले जंगल में स्थित इंडेन गैस गोदाम से 22 भरे हुए सिलेंडर और चार गैस चूल्हे चोरी किए थे। चोरी के बाद चार सिलेंडर और एक चूल्हा उसके साथी अपने साथ ले गए थे। बाकी 18 सिलेंडर और तीन चूल्हे उसने बोलेरो में रख लिए थे। फिरोज इन सिलेंडरों को फुरकान को बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच सिलेंडर बेचने का सौदा पहले ही तय हो चुका था और फिरोज को कुछ रकम अग्रिम के रूप में भी मिल गई थी। इसी सिलसिले में दोनों की मुलाकात और सिलेंडरों की डिलीवरी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 18 सिलेंडर, तीन गैस चूल्हे और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो बरामद की। रणखंडी की घटना में चोरी हुए बाकी चार सिलेंडर और एक चूल्हे के संबंध में पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। आठ-नौ महीने पहले भायला गोदाम से चुराए थे 18 सिलेंडर पुलिस पूछताछ में फिरोज ने दूसरी पुरानी वारदात के बारे में भी जानकारी दी। उसने बताया कि करीब आठ-नौ महीने पहले उसने अपने साथियों के साथ भायला स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से 18 सिलेंडर चोरी किए थे। इनमें से आठ सिलेंडर उसके साथी ले गए थे, जबकि बाकी 10 सिलेंडर उसने फुरकान को बेच दिए थे। पुलिस के अनुसार, फुरकान ने भी फिरोज से इंडेन कंपनी के 10 गैस सिलेंडर खरीदने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ये सिलेंडर सांपला रोड स्थित हलीम बिरयानी की दुकान से बरामद कराए गए। इस बरामदगी के साथ भायला गोदाम की पुरानी चोरी का मामला भी खुल गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए कुल 28 सिलेंडर बरामद किए हैं। इनमें भायला गोदाम के 10 और रणखंडी गोदाम के 18 सिलेंडर शामिल हैं। बड़गांव थाने का हिस्ट्रीशीटर है फिरोज मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 26 अक्टूबर को मंगलौर रोड से गांव गंगदासपुर जाने वाले जंगल के रास्ते पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में फिरोज पुत्र अनीस निवासी गांव सांवतखेड़ी, थाना बड़गांव शामिल है। पुलिस के अनुसार, फिरोज बड़गांव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ सहारनपुर जिले के अलग-अलग थानों में करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा आरोपी फुरकान पुत्र आस मोहम्मद मूल रूप से मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी का रहने वाला है। वह वर्तमान में देवबंद के गुर्जरवाड़ा में जीतगिरी मंदिर के सामने रहता है। पुलिस के अनुसार, फुरकान चोरी के सिलेंडरों को खरीदने के मामले में आरोपी है। दोनों घटनाओं से जुड़े 28 गैस सिलेंडर, तीन गैस चूल्हे और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य साथियों और शेष सामान के संबंध में जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)