कानपुर में महिला सुरक्षा के लिए हुई मैराथन:एआईडब्ल्यूसी की पहल पर पुलिस कमिश्नर ने दिखाई झंडी, 250 प्रतिभागी दौड़े
कानपुर में ऑल इंडिया वुमेन्स कॉन्फ्रेंस (AIWC) की ओर से 22 नवंबर को ‘शी मैटर्स’ थीम पर महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता के लिए 5 किलोमीटर की मैराथन आयोजित की गई। संस्था की गौरवशाली शताब्दी समारोह श्रृंखला के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र (UN) के महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया गया। इसमें AIWC की 500 से अधिक शाखाओं ने एक ही समय पर जन-जागरूकता अभियान में भाग लिया। कानपुर में AIWC की मुख्य शाखा की ओर से आयोजित मैराथन का उद्देश्य महिलाओं के प्रति हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाना और महिला सुरक्षा, सम्मान, समानता एवं सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। मैराथन में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने AIWC परिसर, सरसैया घाट से फूलबाग होते हुए सरसैया घाट तक 5 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। मैराथन को सुबह 7 बजे कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर AIWC की वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध सदस्य सुरैया सोलंकी ने प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ संरक्षक मंजू बांगड़, आशा सिंह सहित अनिता गर्ग, सुमित्रा सक्सेना, रेनू अग्रवाल, पूर्णिमा भट्टाचार्य, रीता गुप्ता, अंजू अग्रवाल, अर्चना भाटिया, सुषमा वर्मा, गीता गुप्ता और दीपिका रस्तोगी सहित संस्था की सदस्य और उनके परिजन शामिल हुए। कैलाशनाथ कन्या हाईस्कूल, राजकीय बालिका विद्यालय, चुन्नीगंज की छात्राओं और अम्बाल महिला समिति के सदस्यों ने भी भाग लिया। महिला सम्मान और सुरक्षा के संदेश के साथ विभिन्न संस्थाओं ने अभियान को समर्थन दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला आईपीएस अधिकारी अंजना तिवारी और अरीबा नोमान का सहयोग रहा। प्रतिभागियों ने संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई विशेष टी-शर्ट और कैप पहनकर एकजुटता का संदेश दिया। मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को स्वच्छता और स्वास्थ्यवर्धक आहार के रूप में बन, छाछ एवं मौसमी फल वितरित किए गए। AIWC की इस पहल के माध्यम से महिलाओं के अस्तित्व, सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। संस्था ने अभियान के जरिए हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)