बद्रीनाथ में चढ़ावे चोरी पर SIT की रिपोर्ट:शासन को सौंपे 300 पन्ने के डॉक्यूमेंट; 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्था के अध्ययन के बाद BKTC में निकलीं खामियां

Nov 24, 2026 - 10:36
0
बद्रीनाथ में चढ़ावे चोरी पर SIT की रिपोर्ट:शासन को सौंपे 300 पन्ने के डॉक्यूमेंट; 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्था के अध्ययन के बाद BKTC में निकलीं खामियां
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की सुरक्षा और गिनती में कथित हेराफेरी की करीब 5 महीने तक जांच के बाद विशेष जांच दल (SIT) ने 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के नेतृत्व में गठित 3 सदस्यीय SIT ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की आंतरिक व्यवस्थाओं में खामियां बताई हैं। साथ ही मंदिर प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के सुझाव भी दिए हैं। बद्रीनाथ धाम में इसी साल 2 जुलाई को थाली भेंट यानी चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया था। इसके बाद शासन ने एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने भी अलग से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में आरोपों से घिरे BKTC कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। राजेंद्र चौहान 30 जून को रिटायर्ड हुए थे। SIT ने जांच के दौरान BKTC के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 20 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए। मंदिर परिसर और संबंधित जगहों के CCTV फुटेज खंगाले। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई। कर्मचारियों की ड्यूटी, आने-जाने का समय, ऑफिस खोलने और बंद करने की प्रक्रिया तथा CCTV निगरानी व्यवस्था को भी जांच में शामिल किया गया। चढ़ावे की गिनती के लिए कांच का कक्ष, 360 डिग्री कैमरे लगाने का सुझाव SIT ने चढ़ावे की सुरक्षा और गिनती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश के प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। इसके आधार पर बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती के लिए कांच की दीवारों वाला विशेष कक्ष बनाने का सुझाव दिया गया है। इससे पूरी प्रक्रिया बाहर से भी दिखाई दे सकेगी। गिनती कक्ष के प्रत्येक कोने में हाई डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने और 360 डिग्री निगरानी व्यवस्था लागू करने की सिफारिश की गई है। कंट्रोल रूम से सुरक्षा अधिकारी पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकेंगे। गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के लिए बिना जेब वाले कपड़े अनिवार्य करने, प्रवेश और निकासी के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच तथा सुरक्षाकर्मियों से तलाशी कराने का सुझाव भी दिया गया है। मशीनों से नकदी की गिनती, बैंक अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी चढ़ावे में आने वाली नकदी की गिनती और छंटाई के लिए आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल करने की सिफारिश की गई है। इस प्रक्रिया में बैंक अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने और पूरी रकम मंदिर के खाते में जमा करने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। सोने-चांदी के आभूषणों का वजन और शुद्धता जांचने के लिए अलग व्यवस्था बनाने तथा विदेशी मुद्रा के प्रबंधन के लिए अलग डेस्क स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया है। 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्था देखी SIT ने जांच का दायरा बद्रीनाथ धाम तक सीमित नहीं रखा। उत्तर और दक्षिण भारत के 14 प्रमुख मंदिरों के एक्ट, प्रबंधन व्यवस्था, चढ़ावे की गिनती और सुरक्षा इंतजामों का अध्ययन किया गया। इनमें तिरुपति बालाजी, वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, जगन्नाथ पुरी, स्वर्ण मंदिर और पद्मनाभस्वामी मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों में चढ़ावे की सुरक्षा, गिनती, नकदी जमा करने और श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के आधार पर बद्रीनाथ धाम के लिए सुधार के सुझाव दिए गए हैं। बड़े मंदिरों में विशेषज्ञों के जिम्मे प्रबंधन एसआईटी ने देश के बड़े मंदिरों की संस्थागत प्रबंधन व्यवस्था का भी अध्ययन किया। तिरुपति में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम, वैष्णो देवी में श्राइन बोर्ड और काशी विश्वनाथ में मंदिर न्यास के माध्यम से व्यवस्थाएं संचालित की जाती हैं। इन संस्थानों में आईटी, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसंपर्क जैसे विभागों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। एसआईटी ने बद्रीनाथ धाम में भी प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने की जरूरत बताई है। श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड और एआई आधारित आधुनिक कैमरों के इस्तेमाल जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया गया। चढ़ावे में लंबे समय से नहीं, कुछ समय के अंतराल में हुआ खेल SIT की रिपोर्ट में बीकेटीसी की प्रबंधन व्यवस्था में खामियों का उल्लेख है। बद्रीनाथ मंदिर के एक्ट के अनुसार दान की धनराशि देवता की है, जबकि उसके प्रबंधन और देखरेख की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चढ़ावे में कथित हेराफेरी लंबे समय से नहीं हो रही थी, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में यह मामला सामने आया। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि प्रकरण की जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार ने सुझाव मांगे थे। समिति ने देश के प्रमुख मंदिरों की प्रबंधन व्यवस्था और चढ़ावे की गिनती से जुड़ी सुरक्षा प्रणाली का अध्ययन कर महत्वपूर्ण सुझाव रिपोर्ट के साथ शासन को भेजे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User