शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं:रहमान सरकार से दिल्ली विमान भेजने को कहा, लौटते ही गिरफ्तार होंगी

Nov 24, 2026 - 08:57
0
शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं:रहमान सरकार से दिल्ली विमान भेजने को कहा, लौटते ही गिरफ्तार होंगी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली विमान भेजने की मांग की है। वे सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश के विमान से ढाका लौटना चाहती हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को जिस बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, अब उसी तरह उनकी वापसी का इंतजाम भी सरकार को करना चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि हसीना को संविधान के खिलाफ देश से बाहर भेजा गया था। ऐसे में अब उन्हें वापस लाना सरकार की जिम्मेदारी है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध खत्म हुआ था और बांग्लादेश आजाद हुआ था। हसीना ने पहली बार अपनी वापसी के लिए कोई तारीख बताई है। इससे बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ सकता है। उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने नए पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया था। हसीना को मौत की सजा सुनाई गई है बांग्लादेश सरकार के एक मंत्री ने रविवार को रॉयटर्स से कहा था कि हसीना के लौटते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। हसीना को पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने मौत की सजा सुनाई थी। उन पर 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप है। हसीना ने इन आरोपों को गलत बताया है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। इसी आंदोलन के बाद 5 अगस्त 2024 को हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। तब से वे भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश सरकार के प्रवक्ता ने हसीना की वापसी की मांग पर कोई जवाब नहीं दिया। मंत्री ने यह भी कहा कि हसीना को वापस लाने के लिए भारत से विमान भेजने को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। 5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था। छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आंदोलन पूरे देश में फैल गया। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User