बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा पर चिंतन करना चाहिए:कांग्रेस प्रवक्ता बोले– भाजपा में दो कार्यकाल के बाद सीएम बदलने की परंपरा क्या यूपी में दोहराएगी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा की चिंतन बैठक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा और योगी सरकार को उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर चिंतन करना चाहिए। प्रयागराज में नीट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए खून बेचने को मजबूर हैं। प्रदेश में अभिभावक बच्चों की शिक्षा पर करीब 1.20 लाख करोड़ रुपए खर्च कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। राजपूत ने कहा कि करीब 70 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, लेकिन योगी सरकार इस पर गंभीर नहीं है। 68,500 और 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी आए दिन सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा करने वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश में बेरोजगारों का आंकड़ा 13 लाख तक पहुंच गया है। प्रदेश में कोई भी परीक्षा पेपर लीक की घटनाओं से अछूती नहीं रह पा रही है। युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार राजनीतिक दबाव बनाने के लिए बैठकें करने में जुटी है। भाजपा में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बीच वर्चस्व की लड़ाई कांग्रेस प्रवक्ता ने 209 प्रत्याशियों की कथित सूची से जुड़ी मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर वाली प्रेस विज्ञप्ति की प्रति दिखाते हुए भाजपा में अंदरूनी कलह का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कहते हैं कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। सवाल है कि यह धमकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए है या उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के लिए? उन्होंने पूछा कि भाजपा में आखिर किसकी चलेगी, क्या चिंतन बैठक में इसी पर विचार हो रहा है? राजपूत ने आरोप लगाया कि गुजरात और लखनऊ के नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई तेज है। मथुरा में होने वाली चिंतन बैठक अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के बीच आंतरिक कलह पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यक्रमों में योगी आदित्यनाथ मौजूद रहते हैं, वहां राज्यपाल नहीं होतीं और जहां राज्यपाल रहती हैं, वहां मुख्यमंत्री नहीं होते। अयोध्या में जमीन और मंदिर के चंदे में घोटाले का आरोप राजपूत ने अयोध्या में जमीन खरीद में घोटाले और मंदिर न्यास के चढ़ावे व चंदे में चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह हिंदुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है। मथुरा कॉरिडोर के नाम पर मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। इससे पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के दौरान भी सैकड़ों मंदिर तोड़े गए थे। सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। एसआईआर में धर्म के आधार पर तो नहीं बन रही मतदाता सूची? कांग्रेस प्रवक्ता ने 19 लाख नाम जोड़े जाने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथित तौर पर 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या एसआईआर में धर्म के आधार पर मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है? केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन करोड़ घुसपैठियों को पकड़े जाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या इनमें उत्तर प्रदेश के 1.27 करोड़ हिंदू भी शामिल हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या चिंतन बैठक में पीलीभीत मॉडल को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर लागू करने पर चर्चा हुई है? दो कार्यकाल के बाद क्या यूपी में सीएम बदलेगी भाजपा? राजपूत ने कहा कि भाजपा में दो कार्यकाल पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री बदलने की परंपरा रही है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, बीएस येदियुरप्पा और रमन सिंह का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि क्या दो कार्यकाल पूरे कर चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी किनारे करने की तैयारी है? उन्होंने कहा कि भाजपा को मणिपुर जैसे अशांत राज्य में चिंतन बैठक करनी चाहिए और प्रदेश की जनता के सामने इन सभी सवालों का जवाब देना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)