भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्जन:बसों के लिए अलग पार्किंग, भारी वाहनों अलग रास्ते से निकलेंगे, 6 स्थानों पर पार्किंग
कन्नौज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगमन और बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने शनिवार शाम करीब 8 बजे यातायात और पार्किंग प्लान जारी किया। कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों और जिलों से आने वाली बसों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, भारी वाहनों के आवागमन पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने कार्यकर्ताओं और आमजन से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। तिर्वा से आने वाली 53 बसों की यहां होगी पार्किंग यातायात प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि तिर्वा क्षेत्र से आने वाली 53 बसों को बोर्डिंग ग्राउंड से करीब 200 मीटर पहले बाईं ओर खड़ा कराया जाएगा। हरदोई से आने वाली 18 बसें हरदोई मोड़, पाल चौराहा और गोल कुआं होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। इनके लिए बोर्डिंग ग्राउंड के गेट नंबर-1 के सामने खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। छिबरामऊ क्षेत्र से आने वाली 55 बसें एनएच-34, पाल चौराहा और गोल कुआं होते हुए पहुंचेंगी। इनकी पार्किंग बोर्डिंग ग्राउंड के दक्षिणी तरफ स्थित नुमाइश मैदान में होगी। वीवीआईपी और अन्य महानुभावों के वाहनों को मुख्य द्वार के पास मंच के पीछे खड़ा कराया जाएगा। अन्य जिलों से आने वाली बसें पुलिस लाइन रोड पर खड़ी होंगी सदर कन्नौज शहरी क्षेत्र से आने वाली 80 बसों के अलावा लखीमपुर खीरी, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, लखनऊ, औरैया, उन्नाव और कानपुर नगर से आने वाली बसें पहले कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल पर उतारेंगी। इसके बाद इन्हें पुलिस लाइन रोड पर निर्धारित स्थान पर खड़ा कराया जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बसें तय क्रम से बोर्डिंग ग्राउंड के सामने पहुंचेंगी और कार्यकर्ताओं को बैठाकर रवाना होंगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए भी पार्किंग तय कार्यकर्ताओं और आमजन के दोपहिया व चारपहिया वाहनों की पार्किंग बोर्डिंग ग्राउंड के सामने पिंक बूथ के बगल से न्यायालय की ओर जाने वाले पक्के मार्ग पर निर्धारित की गई है। इसके अलावा पाल चौराहा, जलालपुर पनवाड़ा पुल के नीचे और मंडी समिति के पास से भारी वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा। सड़क पर वाहन खड़े न करने की अपील पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जाम से बचने के लिए सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करने की हिदायत भी दी गई है। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)