भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में बरेली के नेताओं को जगह:राजेश अग्रवाल समेत 6 वरिष्ठ नेता विशेष आमंत्रित सदस्य बने, 7 नेताओं को कार्यसमिति में जिम्मेदारी
भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति में बरेली के नेताओं को जगह मिली है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से सोमवार शाम जारी सूची में पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार, बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और बहोरन लाल मौर्य को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा प्रशांत पटेल, डॉ. केएम अरोड़ा, पुष्पेंद्र शर्मा, रमेश कठेरिया, रविंद्र सिंह राठौड़, रामगोपाल मिश्रा और गुलशन आनंद को प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी की ओर से जारी सूची में प्रदेश स्तर पर कुल 712 नेताओं को तीन श्रेणियों में शामिल किया गया है। इनमें 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य, 134 विशेष आमंत्रित सदस्य और 548 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं। राजेश अग्रवाल 6 बार विधायक चुने गए, राष्ट्रीय संगठन में भी निभाई जिम्मेदारी
राजेश अग्रवाल बरेली के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में शामिल हैं। वह 1993, 1996, 2002, 2007, 2012 और 2017 में विधानसभा चुनाव जीतकर कुल 6 बार विधायक बने। उन्होंने बरेली शहर और कैंट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में उन्हें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया था। प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन और सरकार में काम करने का उनका लंबा अनुभव रहा है। नई प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। डॉ. अरुण कुमार सक्सेना लगातार तीन चुनाव जीते
डॉ. अरुण कुमार सक्सेना बरेली शहर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं। पेशे से डॉक्टर रहे सक्सेना ने 2012 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2017 और 2022 में भी जीत दर्ज की। योगी सरकार में उन्हें वन एवं पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी मिली। नई प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। धर्मपाल सिंह आंवला से पांच बार विधायक रहे
धर्मपाल सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह बरेली जिले की आंवला विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब वह राज्यसभा सांसद हैं। पार्टी की नई प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। श्रुति गंगवार को भी प्रदेश संगठन में जगह
श्रुति गंगवार को भी प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनके नाम की चर्चा बरेली की राजनीति में भी रही है। वह झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं और अर्बन कॉपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन भी है। छत्रपाल सिंह गंगवार बहेड़ी से विधायक रहे, अब बरेली के सांसद
छत्रपाल सिंह गंगवार बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। वह बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बरेली सीट से जीत दर्ज की। नई प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। बहोरन लाल मौर्य को भी विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी
बहोरन लाल मौर्य बरेली जिले की भोजीपुरा विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। वह 2017 के विधानसभा चुनाव में भी जीते थे। पार्टी संगठन में सक्रिय रहने वाले मौर्य को अब प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। सात नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में जगह
भाजपा की जारी सूची के मुताबिक, प्रशांत पटेल, डॉ. केएम अरोड़ा, पुष्पेंद्र शर्मा, रमेश कठेरिया, रविंद्र सिंह राठौड़, रामगोपाल मिश्रा और गुलशन आनंद को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। इन नेताओं को संगठन में मिली जिम्मेदारी से बरेली की प्रदेश स्तर पर भागीदारी बढ़ी है। 2027 के चुनाव से पहले संगठन को विस्तार
प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बड़ी टीम के जरिए भाजपा प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएगी। बरेली के वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह से जिले के नेताओं की प्रदेश संगठन में भूमिका भी स्पष्ट हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)