कुटबा फायरिंग का आरोपी पुलिस हिरासत से गायब:परिजन बोले- पुलिस ने पकड़ा था, सीओ बोले- घटना के बाद से फरार
मुजफ्फरनगर के कुटबा फायरिंग कांड में नामजद आरोपी जयकुमार उर्फ कुक्कू की स्थिति को लेकर पुलिस और परिजनों के दावों में विरोधाभास सामने आया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने जयकुमार को हिरासत में लिया था, लेकिन सोमवार सुबह शाहपुर थाने पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि वह रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात थाने से चला गया। वहीं, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने आरोपी को घटना के बाद से फरार बताया है। जयकुमार के भाई रामकुमार और कृष्णपाल समेत परिवार के कई लोग सोमवार सुबह शाहपुर थाने पहुंचे थे। उनके साथ परिवार की महिलाएं भी थीं। परिजनों के मुताबिक, वे जयकुमार से मिलने आए थे, क्योंकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। हालांकि, थाने पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि जयकुमार रात में वहां से चला गया। इसके बाद परिजनों ने सवाल उठाए और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी मांगी। थाने पर काफी देर तक बातचीत और हंगामा होने के बाद परिवार के लोग गांव लौट गए। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात गांव कुटबा में फायरिंग की सूचना डायल-112 के जरिए मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और चंचल कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ ने जयकुमार को घटना के बाद से फरार बताया। हालांकि, परिजनों के हिरासत में लिए जाने और थाने से चले जाने के दावे पर उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जयकुमार को औपचारिक रूप से हिरासत में लिया गया था या नहीं। फायरिंग की घटना 21 अक्टूबर की रात हुई थी। शिकायतकर्ता चंचल कुमार ने आरोप लगाया था कि वह अपने छोटे भाई आयुष के साथ लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रहा था। रात करीब 9 बजे लाइब्रेरी के गेट पर जयकुमार उर्फ कुक्कू ने कथित तौर पर दोनों भाइयों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। चंचल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)