बिजनौर में बूंदाबांदी से ठंड बढ़ी:दो दिन से बदला मौसम; किसानों को गन्ने की कटाई और गेहूं की बुआई पर असर की चिंता
बिजनौर जिले में रविवार सुबह से घने बादल छाए रहे। कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई और ठंडी हवाओं के साथ तापमान गिरा। लोगों ने गर्म कपड़े पहने। सुबह करीब 9 बजे तक रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। जिले में पिछले दो दिनों से मौसम बदला हुआ है। शनिवार सुबह कई जगह कोहरा छाया, जो कुछ देर बाद छंट गया। दिनभर बादल रहे और शाम करीब 6 बजे कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश की संभावना जताई थी। देखें, 3 तस्वीरें… अफजलगढ़, नूरपुर, नहटौर, धामपुर, नजीबाबाद, बिजनौर शहर और ग्रामीण इलाकों में मौसम का असर दिखा। नगीना स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र की मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्ष आर्द्रता अधिकतम 96 और न्यूनतम 68 प्रतिशत रही। सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है। बारिश की संभावना से किसानों को गन्ने की कटाई और गेहूं की बुआई पर असर पड़ने की चिंता है। किसानों के मुताबिक, तेज बारिश होने पर खेतों में गन्ने की छिलाई और कटाई का काम प्रभावित हो सकता है। इससे चीनी मिलों तक गन्ना पहुंचने, मिलों में पेराई और गन्ने से चीनी की रिकवरी पर भी असर पड़ने की आशंका है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अगले एक-दो दिन आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)