महिला अधिवक्ता से बैग लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:फिरोजाबाद में मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, ऑटो सवार लोगों से भी की थी लूटपाट

Nov 15, 2026 - 09:49
0
महिला अधिवक्ता से बैग लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:फिरोजाबाद में मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, ऑटो सवार लोगों से भी की थी लूटपाट
फिरोजाबाद में महिला अधिवक्ता से बैग लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को अलग स्थान से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लूट की घटनाओं से जुड़ी नकदी, महिला अधिवक्ता के जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया है। घायल आरोपी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि 7 नवंबर को महिला अधिवक्ता शीबा खान अपने साथियों के साथ ऑटो से दबरई स्थित न्यायालय जा रही थीं। इसी दौरान थाना रसूलपुर क्षेत्र में बदमाशों ने उनका बैग लूट लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर डराया था। इसके अलावा 8 नवंबर को थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गाजीपुर रोड पर ऑटो सवार संजय कुमार के परिवार के साथ भी पर्स लूट की वारदात हुई थी। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग शनिवार रात पुलिस को मोती नगर क्षेत्र में आरोपी मोहित निवासी नगला पचिया, हिमायूंपुर के मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहित के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दूसरे आरोपी को रेलवे पुल के पास से पकड़ा पुलिस ने दूसरे आरोपी विकास वर्मा निवासी सुहागनगर को बरकतपुर रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने रसूलपुर और बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्रों में ऑटो सवार लोगों से लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। नकदी के साथ अधिवक्ता के जरूरी दस्तावेज बरामद पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी मोहित के कब्जे से दोनों लूट की घटनाओं से संबंधित 6,600 रुपए नकद, एक अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, विकास वर्मा की निशानदेही पर 6,500 रुपए नकद, महिला अधिवक्ता शीबा खान का आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, दो छोटे हैंड पर्स, तीन तस्वीरें और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद नकदी में रसूलपुर की घटना से संबंधित 1,500 रुपए और बसई मोहम्मदपुर की घटना से संबंधित 5,000 रुपए शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User