ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में मलबे से 5 लोगों को निकाला:भदोही में पुलिस, होमगार्ड, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस ने किया अभ्यास
भदोही में रविवार को ज्ञानपुर पुलिस लाइन में हवाई हमले के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति पर मॉक ड्रिल की गई। इसमें ध्वस्त दो मंजिला इमारत के मलबे में पांच लोगों के फंसे होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह की मौजूदगी में हुए अभ्यास में पुलिस, होमगार्ड, आपदा मित्र, सिविल डिफेंस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, मेडिकल टीम और अन्य विभागों ने हिस्सा लिया। इसका मकसद आपात स्थिति में विभागों के बीच तालमेल और राहत-बचाव की तैयारी परखना था। घटना की सूचना इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (ईओसी) को मिली। कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया। पुलिस और होमगार्ड के पहुंचने से पहले आपदा मित्र और सिविल डिफेंस की टीम ने दो सतही घायलों को बाहर निकाला। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर बेस ऑफ ऑपरेशन, कमांड पोस्ट, मेडिकल पोस्ट और कम्युनिकेशन पोस्ट बनाए। इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। मलबे में फंसे एक व्यक्ति को क्षैतिज रास्ता बनाकर निकाला गया, जबकि दो अन्य को रोप रेस्क्यू उपकरणों की मदद से बाहर लाया गया। सभी घायलों को मेडिकल पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने पर उसे काबू करने और जनहानि व संपत्ति के नुकसान को कम करने के उपाय दिखाए। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सा सहायता देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)