बलिया में 10 नवंबर को मनेगा 'प्रधानमंत्री दिवस':चंद्रशेखर उद्यान में जलेंगे 10 हजार दीप, बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता
बलिया में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के शपथ ग्रहण दिवस 10 नवंबर को ‘प्रधानमंत्री दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन उन्होंने देश के आठवें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति की ओर से 9 नवंबर को चंद्रशेखर उद्यान में बैठक की गई। समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को चंद्रशेखर उद्यान में बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज के कलाध्यापक डॉ. इफ्तखार खां, मुरली मनोहर टाउन इंटर कॉलेज के कलाध्यापक मिथलेश सिंह, विशाल कुमार सिंह और सनबीम विद्यालय के कलाध्यापक नुरूल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाम को चंद्रशेखर उद्यान में 10 हजार दीप जलाकर चंद्रशेखर की प्रतिमा को रोशन किया जाएगा। इसके अलावा शहर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, क्रांतिकारियों और समाजसेवियों की 26 प्रतिमा स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। जयप्रकाश ट्रस्ट, जयप्रकाश नगर से रसड़ा स्थित चंद्रशेखर आजाद चौक तक और चंद्रशेखर उद्यान, बेल्थरारोड से भरौली स्थित सहजानंद पार्क तक करीब 60 प्रतिमा स्थलों पर भी दीप जलाने की योजना है। इन स्थलों के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं। समिति सचिव ने बताया कि आयोजन में समिति के सदस्य, सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था संकल्प के रंगकर्मी, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड के सदस्य सहयोग करेंगे। इसके लिए कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के स्काउट शिक्षक राजेश सिंह और मुरली मनोहर टाउन इंटर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी स्नेह प्रकाश श्रीवास्तव से सहयोग मांगा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)