झांसी की महिला की ओरछा सिलेंडर ब्लास्ट में मौत:3 बहनों समेत 11 झुलसे, पति बोला- दूसरी पत्नी ने भी साथ छोड़ा, हमसे रब ही रूठा

Nov 10, 2026 - 06:33
0
झांसी की महिला की ओरछा सिलेंडर ब्लास्ट में मौत:3 बहनों समेत 11 झुलसे, पति बोला- दूसरी पत्नी ने भी साथ छोड़ा, हमसे रब ही रूठा
6 साल पहले बीमारी से मेरी पहली पत्नी शबनम की मौत हो गई थी। माता-पिता बुजुर्ग थे और घर में दिक्कत थी। तब 3 साल पहले मैंने मध्य प्रदेश के ओरछा स्टेशन की रूबी से शादी कर ली। हम दोनों बहुत खुश थे। 6 नवंबर को परिवार के लोग शादी में जाने के लिए तैयार होकर बैठे थे। तभी घर में रखा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इसमें पत्नी समेत 12 लोग झुलस गए। इलाज के दौरान मेरी दूसरी पत्नी रूबी भी साथ छोड़कर चली गई। पता नहीं हमसे क्या गलती हो गई कि रब ही रूठा है। यह कहना है झांसी के शहाबुद्दीन का। जिनकी पत्नी रूबी (33) का 6 नवंबर को ओरछा के स्टेशन मोहल्ला में हुए सिलेंडर ब्लास्ट में मौत हो गई। झांसी में सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद परिजनों ने शव काे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। अभी रूबी की 3 बहनों, पिता-भाई समेत 11 लोगों का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अब पढ़िए पूरा मामला विस्तार से झांसी कोतवाली के डाडियापुरा स्थित कल्लनशाह की मजार के पास रहने वाले शहाबुद्दीन पुत्र समसुद्दीन ने बताया- मैं बाइक मैकेनिक हूं। मेरी पहली शादी निवाड़ी की शबनम से हुई थी। इससे हमारा एक बेटा अबदाल है। जो अभी अपनी नानी के पास रहता है। लगभग 6 साल पहले बीमारी से शबनम की मौत हो गई थी। मैं अपने माता-पिता का इकलौता बेटा हूं। मां मीना बानो बीमार रहती हैं और पिता समसुद्दीन भी बुजुर्ग हैं। घर में दिक्कत थी। इसलिए घरवालों ने 3 साल पहले दूसरी शादी करा दी। ये शादी झांसी से सटे ओरछा स्टेशन निवासी खलील की बेटी रूबी से हुई थी। शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। बहन की रिश्तेदारी में थी शादी पति ने आगे बताया- रूबी की बड़ी बहन जूली के परिवार में शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए पत्नी रूबी लगभग 20 दिन पहले ही पिता के साथ अपने मायके चली गई। जहां उसकी 3 बहनें जूली, शहनाज और नीलोफर भी बच्चों को लेकर पहुंच गई थीं। 6 नवंबर को सभी शादी में जाने के लिए तैयार होकर बैठे थे। इस दौरान घर में रखा सीएनजी सिलेंडर ब्लॉस्ट हो गया। चारों बहनें, उनके पिता खलील, खलील का बेटा समीर, शहनाज का पति एजाज, बेटी माहिरा (8), अनन्या (5), हैदर (8), अलीम खान (9) समेत परिवार के 12 लोग झुलस गए। सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां मेरी पत्नी रूबी की मौत हो गई। अब मेरा सबकुछ लुट गया। अब शादी नहीं करेंगे, ऊपरवाले के ही सहारे रहेंगे। बुढ़ापे का सहारा छिन गया मृतका के 70 साल के ससुर समसुद्दीन ने बताया- हमसे काम नहीं होता। पत्नी भी बीमार रहती है। लोगों ने कहा कि बेटे की दूसरी शादी कर दो। 3 साल पहले एक रिश्ता आया तो बेटे की शादी कर दी। सोचा था कि अब हमारा बुढ़ापा ठीक से कट जाएगा। बहू रूबी ने भी पूरा घर संभाल लिया था। हम लोग बहुत खुश थे। पता नहीं ऊपर वाला हमसे क्यों रूठ गया। हमारी दूसरी बहू भी चल बसी। उसका जाना, मतलब हम लोगों के हाथ-पैर बेकार हो गया। हम लाचार हो गए हैं। जब तक जियेंगे दुख रहेगा। उसकी कमी कभी पूरी नहीं हो पाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User