बलरामपुर में चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष का असर कमजोर:अगले 3-4 दिन मौसम साफ रहेगा; दिन का तापमान बढ़ेगा, सुबह कोहरा छाएगा

Nov 01, 2026 - 08:44
0
बलरामपुर में चक्रवाती तूफान अर्णब के अवशेष का असर कमजोर:अगले 3-4 दिन मौसम साफ रहेगा; दिन का तापमान बढ़ेगा, सुबह कोहरा छाएगा
बलरामपुर।जनपद में पिछले तीन दिनों से हो रही हल्की बूंदा बांदी और मध्यम बारिश का दौर अब थमने के संकेत मिल रहे हैं। अति प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के अवशेष के प्रभाव से बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। शनिवार से बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं और अब इनके छिटपुट रहने की संभावना है। मौसम के मौजूदा रुख के अनुसार, मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय उपोष्ण कटिबंधीय पछुआ हवाओं के प्रभाव से चक्रवाती तूफान के अवशेष लगातार कमजोर हो रहे हैं। इसके चलते जनपद में रविवार से लेकर आगामी तीन से चार दिनों तक मौसम सामान्यतः साफ रहने के संकेत हैं। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। अगले तीन से चार दिनों के दौरान दिन के अधिकतम तापमान में करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे दिन के समय धूप तेज होने के साथ गर्मी का एहसास बढ़ सकता है। वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं, जिससे रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। इसके अलावा आगामी दिनों में सुबह के समय जनपद के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, सूरज निकलने और दिन चढ़ने के साथ कोहरा जल्द छंट जाएगा। कुल मिलाकर बारिश के बाद अब बलरामपुर में मौसम के धीरे-धीरे साफ और शुष्क होने के संकेत हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User