बरेली में 23 केंद्रों पर आज PET परीक्षा, प्रशासन सतर्क:परीक्षा देने आए छात्र बोले- 500 KM दूर सेंटर क्यों? सरकार को छात्रों की परेशानी समझना चाहिए
बरेली में आज रविवार यानी 1 नवंबर को PET (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा)-2026 के अंतिम चरण का आयोजन किया जा रहा है। जिले में आज 23 केंद्रों पर पेपर कराया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चलेगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के कड़े बंदोबस्त किए हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। छात्रों का छलका दर्द
परीक्षा देने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से छात्र आए हुए है। अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या से आए छात्रों का कहना है सरकार को ध्यान देना चाहिए कि वो इतनी दूर सेंटर न डाले। हम लोग 500 किलोमीटर दूर से यहां पेपर देने आए। पूरे दिन ट्रेन में खड़े रहे, रात स्टेशन पर गुजारी और अब पेपर दे रहे है। ऐसे में हमारी मनोदशा क्या होगी। हर पाली में 10 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की व्यवस्था
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित पीईटी परीक्षा के तहत बरेली में कुल 62,064 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 25 और 30 अक्टूबर के बाद आज 1 नवंबर को अंतिम दिन की परीक्षा हो रही है। प्रत्येक पाली में 10,344 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस बार जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पिछले साल 45 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। मजिस्ट्रेट और पुलिस की त्रिस्तरीय निगरानी
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने कड़ा पहरा बैठाया है। 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा रिजर्व मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी बनाए गए हैं। केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है और परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष प्रबंध
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे और रोडवेज ने भी खास इंतजाम किए हैं। रेलवे की ओर से तीन जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं और जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी की आठ संयुक्त टीमें तैनात हैं। टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने के साथ हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। वहीं, रोडवेज डिपो की ओर से 120 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्था और निगरानी के कड़े निर्देश
परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए हर दो परीक्षा केंद्रों के बीच एक एंबुलेंस तैनात की गई है। इसके साथ ही बस अड्डों और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सिटी बसें चलाई जा रही हैं। होटल, रेस्टोरेंट और ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया या खाने-पीने के अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिलने पर प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)