PET परीक्षा में दूर के सेंटर ने बढ़ाई मुसीबत:अलीगढ़ में रातभर स्टेशन पर भटके, सफर में धक्के खाए; परीक्षार्थियों ने सुनाई बदइंतजामी की दास्तां
39 केंद्रों पर करीब 39 हजार परीक्षार्थियों की PET परीक्षा के बीच दूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों का दर्द सामने आया। कानपुर, कन्नौज, औरैया, इटावा, मैनपुरी, छिबरामऊ, उन्नाव और बुंदेलखंड के अन्य जिलों से पहुंचे परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि नजदीकी जनपदों में केंद्र बनाने के बजाय उन्हें सैकड़ों किलोमीटर दूर भेज दिया गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए ट्रेनों और बसों में भीड़ के बीच धक्के-मुक्की झेलनी पड़ी। कई अभ्यर्थी सुबह दो-तीन बजे ही घरों से निकल पड़े। लंबा सफर तय करने के बाद अलीगढ़ पहुंचे तो परीक्षा केंद्र तलाशने में भी परेशानी हुई। उनका कहना था कि परीक्षा की तैयारी से ज्यादा मशक्कत तो केंद्र तक पहुंचने में करनी पड़ी। स्टेशन पर भी नहीं मिला सुकून, रातभर भटकने को मजबूर
कुछ अभ्यर्थी शनिवार रात ही अलीगढ़ पहुंच गए थे, लेकिन यहां भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं। रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत स्पेशल ट्रेन के ठहराव को लेकर आयोजित कार्यक्रम रात करीब 12 बजे तक चला। परीक्षार्थियों का आरोप है कि इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशन पर सख्ती कर रखी थी। उन्हें वेटिंग एरिया में बैठने और रुकने तक नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन पर रुकने की कोशिश करने पर उन्हें डांट-फटकार कर हटाया गया। रात 10-11 बजे पहुंचे परीक्षार्थियों को अधिकारियों के जाने और कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात एक-दो बजे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद ही उन्हें स्टेशन पर कुछ देर बैठने की जगह मिल सकी। बोले- परीक्षा देने आए हैं, रातभर भटकने नहीं
परीक्षा केंद्रों पर बातचीत में अभ्यर्थियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दूसरे जनपदों से परीक्षा देने आना पहले ही चुनौती है। ऊपर से ट्रेनों और बसों में भीड़, लंबा सफर और स्टेशन पर बैठने तक की जगह न मिलना परेशानी बढ़ा रहा है। परीक्षा से पहले ही उन्हें कई तरह की मुश्किलों से गुजरना पड़ा। सरकार से मांग- नजदीकी जिलों में बनें परीक्षा केंद्र
परीक्षार्थियों ने सरकार से मांग की कि भविष्य में परीक्षा केंद्र गृह जनपद या आसपास के जिलों में बनाए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को बेवजह लंबी दूरी तय न करनी पड़े। साथ ही रेलवे स्टेशनों के वेटिंग एरिया में दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के बैठने और ठहरने की उचित व्यवस्था हो। पुलिस और रेलवे प्रशासन को भी निर्देश दिए जाएं कि परीक्षा देने आए युवाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)