बरेली में शादी वाले घर में मातम, युवक की मौत:सुबह खेत में मिली युवक की लाश, मौत से पहले इंस्टाग्राम पर डाली भावुक स्टोरी
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाह नगर में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का गोली लगा शव आबादी के पास खाली खेत (झाड़ियों) में खून से लथपथ पड़ा मिला। मौके पर ही युवक की काली स्प्लेंडर बाइक भी खड़ी मिली है। शुरुआत में इसे हत्या मानकर हड़कंप मच गया, लेकिन युवक की इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आने के बाद अब पुलिस आत्महत्या (सुसाइड) के एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान बादशाह नगर निवासी भूपराम मौर्य के बड़े बेटे मिथुन मौर्य (22) के रूप में हुई है। मिथुन दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में 17 वर्षीय छोटी बहन ममता और 15 वर्षीय छोटा भाई अनिकेत हैं। घर के बड़े बेटे की मौत से मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाइक पर लिखे इंस्टाग्राम हैंडल से खुला सुसाइड का एंगल, 21 घंटे पहले डाली थी स्टोरी
घटनास्थल पर खड़ी मृतक की काली स्प्लेंडर बाइक की टंकी पर इंस्टाग्राम आईडी sankiiii.saini.007 लिखा हुआ मिला। जब इस अकाउंट को खंगाला गया, तो मौत से करीब 21 घंटे पहले लगाई गई एक इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आई। इस स्टोरी में जलती हुई चिता के वीडियो के साथ लिखा था— "ये मैं आखिरी हूं... मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा"। इस भावुक और संदिग्ध पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या की गई है। मंडप की दावत के अगले दिन वारदात, आज जानी थी बारात
मृतक के घर और मोहल्ले में इस समय शादी का माहौल था। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित घर की छत पर शादी का टेंट लगा हुआ नजर आ रहा है। मिथुन के तहेरे भाई विष्णु (पुत्र दननें मौर्य) की आज यानी शनिवार, 14 नवंबर को शादी होनी है और बारात जानी थी। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को घर में मंडप की दावत हुई थी, जिसमें रिश्तेदार और परिजन शामिल हुए थे। लेकिन बारात निकलने से ठीक पहले हुई इस घटना ने शादी की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम, हर एंगल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और सीओ सेकेंड नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को 'क्राइम सीन' टेप लगाकर सुरक्षित किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव के आसपास बिखरे खून, मृतक की बाइक और अन्य संदिग्ध वस्तुओं से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए मौत की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)