बुलंदशहर में घने कोहरे से सड़कें ढकीं:शनिवार सुबह दृश्यता 50 मीटर तक घटी; मौसम विशेषज्ञ ने स्मॉग बताया
जिले में ठंड की आहट के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शनिवार सुबह करीब 4 बजे से ही घने कोहरे की सफेद चादर ने पूरे जनपद को अपने आगोश में ले लिया। खासकर देहात क्षेत्रों में कोहरे का असर शहर के मुकाबले काफी ज्यादा देखने को मिला, जिससे सुबह के वक्त सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। स्थिति यह थी कि वाहन चालकों को सुबह के समय भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर महज 50 मीटर तक ही रह गई, जिससे ड्राइवरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और वाहन बेहद धीमी गति से रेंगते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ डॉ. विवेक राज ने इस मौसमी बदलाव पर जानकारी देते हुए बताया कि यह केवल सामान्य कोहरा नहीं, बल्कि बढ़ते प्रदूषण के कारण बना 'स्मॉग' है। उन्होंने राहत की उम्मीद जताते हुए कहा कि अगले एक-दो दिन में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस बारिश के बाद लोगों को प्रदूषण और स्मॉग की इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)