पात्र नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का व्यापक अभियान:18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले, छूटे हुए पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण होगा
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में बैठक सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग,के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी । संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। विशेष अभियान की तिथियां 21 एवं 22 नवम्बर तथा 28 एवं 29 नवम्बर 2026 जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के आलेख का प्रकाशन 17 नवम्बर को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक निर्धारित है। इसके अतिरिक्त विशेष अभियान की तिथियां 21 एवं 22 नवम्बर तथा 28 एवं 29 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई हैं। इन विशेष अभियान दिवसों में सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखेंगे। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में नया नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन एवं अन्य आवश्यक परिवर्तनों के लिए फार्म-8 का प्रयोग किया जाएगा। फार्म-6 के साथ सफेद पृष्ठभूमि में सामने से पूरे चेहरे को प्रदर्शित करती हुई नवीन अहस्ताक्षरित रंगीन पासपोर्ट आकार (4.5 सेमी × 3.5 सेमी) की फोटो लगाना अनिवार्य होगा। आवेदन करते समय आवेदक अपना पूरा पता एवं मोबाइल नंबर सही-सही अंकित करें, जिससे आवश्यक सूचनाओं का समय से संप्रेषण किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से ऑनलाइन माध्यम से भी अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराया जाए। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। युवाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर विशेष जोर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जनपद के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए गए। मताधिकार एवं लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के निर्देश उन्होंने कक्षा-9 एवं उससे ऊपर के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) गठित करने, प्रत्येक संस्थान में ELC को-ऑर्डिनेटर एवं ऑडिटर नामित करने तथा पूर्व से गठित क्लबों को सक्रिय कर नियमित गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए। ELC के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार एवं लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के निर्देश प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका विद्यालय, अयोध्या तथा प्राचार्य, झुनझुनवाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय को दिए गए। निबंध प्रतियोगिता के विषय शुद्ध निर्वाचक नामावली एवं मतदान के महत्व पर इसके साथ ही जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। निबंध प्रतियोगिता के विषय शुद्ध निर्वाचक नामावली एवं मतदान के महत्व पर आधारित होंगे। प्रतियोगिताओं में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर के लिए निर्धारित शब्द सीमा का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफ एवं रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम शामिल कराने के लिए विभिन्न विभागों को विभागीय स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को एएनएम एवं आशा बहुओं के माध्यम से महिला मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के प्रतिनिधि को पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए गए। अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, अयोध्या को पूर्व एवं वर्तमान पार्षदों के माध्यम से छूटे हुए पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं को चिन्हित कर पंजीकरण कराने, जिला पूर्ति अधिकारी को कोटेदारों के माध्यम से पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में डीसी, एनआरएलएम को समूह सखियों के माध्यम से पात्र महिला मतदाताओं का पंजीकरण कराने, उपायुक्त मनरेगा को श्रमिकों एवं स्वरोजगार से जुड़े छूटे हुए पात्र युवाओं को चिन्हित करने तथा उपायुक्त उद्योग को उद्योग बंधुओं के साथ बैठक कर श्रमिकों, युवाओं एवं महिलाओं का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों के माध्यम से गांवों में छूटे हुए पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं का पंजीकरण कराने, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को छूटे हुए दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण कर उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा जिला क्रीड़ाधिकारी को पात्र युवा खिलाड़ियों का मतदाता पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जनसेवा केंद्र संचालकों को फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ संचालित करें तथा अपने-अपने विभागों के माध्यम से पात्र नागरिकों को जागरूक करते हुए शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा, उप जिलाधिकारी सोहावल गजेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी बीकापुर संतोष कुमार, उप जिलाधिकारी अयोध्या आनन्द कुमार तिवारी, प्रधानाचार्या राजकीय बालिका विद्यालय कुसुम लता, जिला युवा अधिकारी शिवम जायसवाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बी.एस. डोलिया, कार्यालय उपायुक्त एनआरएलएम से नरेश कुमार शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से उपेन्द्र तिवारी, जिला क्रीड़ाधिकारी कार्यालय से कुलदीप श्रीवास्तव, बाल विकास परियोजना अधिकारी नगर रवि श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश चौधरी, सहायक रजिस्ट्रार डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय एस.पी. सामंत, प्राचार्य झुनझुनवाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय आशुतोष त्रिपाठी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिया मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)