प्रयागराज में संतों ने रामायण फिल्म का विरोध किया:शांडिल्य महाराज बोले- मूल कथा से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, सरकार रोक लगाए
दीपावली से पहले रिलीज हुई फिल्म 'रामायण पार्ट वन' को लेकर विवाद शुरू हो गया है। प्रयागराज में साधु-संतों ने फिल्म के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया है। स्वामी शांडिल्य जी महाराज ने फिल्म को रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण की मूल कथा से अलग बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में भगवान श्रीराम और माता सीता के चरित्र का चित्रण धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं किया गया है। संतों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ ही केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड से फिल्म के प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। स्वामी शांडिल्य महाराज ने कहा कि फिल्म में दिखाई गई कहानी रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण से बिल्कुल अलग है। इसमें मूल रामायण के साथ छेड़छाड़ की गई है, जो सीधे तौर पर सनातन धर्म पर प्रहार है। उनका कहना है कि आने वाली पीढ़ियां पर्दे पर दिखाई गई कहानी को ही रामायण समझ सकती हैं, जबकि फिल्म में भगवान श्रीराम और माता सीता के चरित्र को जिस तरह दिखाया गया है, वह मूल धार्मिक ग्रंथों से मेल नहीं खाता। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में भगवान श्रीराम और माता सीता के चित्रण के साथ मर्यादाओं का ध्यान नहीं रखा गया है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने मर्यादा में रहकर रामराज्य की स्थापना की थी, लेकिन फिल्म में उनके चरित्र और संवादों को अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है। संतों का आरोप है कि इस तरह की फिल्में बनाकर सनातन संस्कृति की छवि को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। स्वामी शांडिल्य महाराज ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी दूसरे धर्म के आराध्य या पैगंबर मोहम्मद पर इस तरह की फिल्म बनाई जाए तो उसका विरोध किस स्तर तक पहुंच सकता है, यह सभी जानते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि फिल्मों के जरिए केवल हिंदू धर्म और सनातन पर ही इस तरह के प्रयोग क्यों किए जाते हैं। पूरे देश में प्रदर्शन की चेतावनी
स्वामी शांडिल्य महाराज ने कहा कि फिल्म को लेकर संत समाज में काफी आक्रोश है। केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड और केंद्र सरकार से मांग है कि तत्काल इस मामले में कार्रवाई करते हुए फिल्म के प्रसारण पर रोक लगाई जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संत-महात्मा पूरे देश में प्रदर्शन करेंगे।
जिन सिनेमाघरों में फिल्म दिखाई जा रही है, वहां पहुंचकर उसका प्रदर्शन बंद कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन धर्म और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं के अपमान को संत समाज अब बर्दाश्त नहीं करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)