छठ पूजा के लिए सिद्धार्थनगर के घाटों पर तैयारियां तेज:मुख्यालय के जमुआर घाट पर महिलाएं वेदियां सजा रहीं, शोहरतगढ़ के तीन घाटों पर 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी
छठ महापर्व को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यालय से लेकर शोहरतगढ़ और अन्य कस्बों तक घाटों पर पूजा की वेदियां सजाई जा रही हैं। महिलाएं और युवतियां वेदियों की रंगाई-पुताई में जुटी हैं। सिद्धार्थनगर मुख्यालय में जमुआर पुल के पास स्थित छठ घाट पर साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा है। नगर पालिका परिषद की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने घाटों की व्यवस्था दुरुस्त कराने पर जोर दिया है। शोहरतगढ़ के तीन घाटों पर 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद शोहरतगढ़ नगर पंचायत के शिव बाबा स्थान, गड़ाकुल पोखरा और छतहरा छठ घाट पर करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने बताया कि तीनों घाटों पर लाइट, टेंट और महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। पूजा के लिए वेदियां नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। घाटों की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में करीब 60 कर्मचारी लगाए गए हैं। पुलिस प्रशासन और एसडीएम भी घाटों का निरीक्षण कर चुके हैं। फल, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ छठ पूजा को लेकर सिद्धार्थनगर मुख्यालय, शोहरतगढ़, बांसी, डुमरियागंज और इटवा के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। फल, नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं परिवार के साथ बाजार पहुंचकर पूजा के लिए जरूरी सामान खरीद रही हैं। पर्व को देखते हुए दुकानदारों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को देंगी अर्घ्य चार दिवसीय छठ महापर्व के तहत 15 नवंबर की शाम व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। पर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों और घाटों तक भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)