आज मेरठ के नौचंदी मैदान में असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा:2027 में होने वाले चुनाव के लिए हुए गठबंधन के बाद की पहली सभा
आजाद समाज पार्टी से गठबंधन के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की आज मेरठ में पहली बड़ी जनसभा होगी। शनिवार को नौचंदी मैदान में होने वाली इस जनसभा पर राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी हैं। सभा के जरिए गठबंधन की जमीनी ताकत और उसके असर का अंदाजा लगाया जाएगा। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह जनसभा दोनों दलों के लिए सियासी रूप से अहम मानी जा रही है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की ओर से जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी के मीडिया प्रभारी फजल करीम ने बताया कि जनसभा स्थल पर मंच, साउंड सिस्टम और टेंट लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शामिल होंगे। वह दिल्ली स्थित अपने आवास से रवाना होकर शाम करीब छह बजे मेरठ पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली पहले से ही मेरठ में मौजूद हैं। प्रदेश मुख्य महासचिव शमीम तुर्क एडवोकेट और पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मेहताब चौहान भी जनसभा में शामिल होंगे। गठबंधन के असर का मिलेगा संकेत आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन के बाद यह पहली बड़ी जनसभा है। ऐसे में इस सभा में जुटने वाली भीड़, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और दोनों दलों के नेताओं के बीच तालमेल पर सबकी नजर रहेगी। जनसभा में ओवैसी के संबोधन से यह भी संकेत मिलने की उम्मीद है कि गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में किस तरह की राजनीतिक रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)