छठ पर व्रतियों को उपलब्ध कराई पूजा सामग्री
बलरामपुर | सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर जिला मुख्यालय स्थित सिंदूर नदी छठ घाट में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पहुंचे। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से सूर्यदेव की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ पूजा के भव्य आयोजन के लिए समिति द्वारा कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। छठ पूजन समिति के अध्यक्ष मनीष सिंह के अनुसार इस वर्ष 600 से अधिक श्रद्धालुओं ने व्रत के लिए पंजीयन कराया था। घाट और आसपास के परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। आयोजन का मुख्य आकर्षण बनारस से पहुंची 10 सदस्यीय गंगा आरती टीम रही। टीम ने पारंपरिक विधि-विधान से भव्य गंगा आरती प्रस्तुत की। शंखनाद और दीपों की रोशनी से घाट का वातावरण भक्तिमय हो गया। आकर्षक आतिशबाजी ने भी आयोजन की रौनक बढ़ाई। छठ पूजन समिति ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए आर्थिक रूप से कमजोर व्रतियों की मदद की। समिति की ओर से उन्हें छठ पूजा के लिए आवश्यक सामग्री और सहयोग उपलब्ध कराया गया, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण कोई भी श्रद्धालु पर्व की परंपरा निभाने से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)