चंदौली में डाला छठ की तैयारियां तेज:घाटों पर पीली मिट्टी से बेदी बनाई, बाजारों में खरीदारी; गोताखोर तैनात
चंदौली में डाला छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने नदी घाटों, तालाबों और सरोवरों के किनारे पीली मिट्टी से बेदी बनानी शुरू कर दी है। रविवार शाम व्रती पानी में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे। पूजा के लिए फल, फूल और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। डाला छठ का चार दिवसीय व्रत नहाय-खाय से शुरू होता है। दूसरे दिन खरना किया जाता है। तीसरे दिन व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते हैं, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का समापन होता है। पूर्वांचल के कई जिलों में इस पर्व का विशेष महत्व है। परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए महिलाएं पूरी श्रद्धा से यह व्रत करती हैं। सुरक्षा के लिए घाटों पर गोताखोर तैनात छठ पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने तालाबों व सरोवरों के किनारे सफाई के इंतजाम किए हैं। पुलिस ने चिन्हित बड़े तालाबों और गंगा किनारे गोताखोरों की तैनाती की है। पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 48 घंटे तक अन्न ग्रहण नहीं करतीं व्रती महिलाएं चंदौली बाजार की अनीता शर्मा ने बताया कि उनका परिवार हर साल डाला छठ मनाता है। महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूरी श्रद्धा से व्रत रखती हैं। वहीं, पदमा शर्मा ने बताया कि व्रती महिलाएं 48 घंटे तक अन्न ग्रहण किए बिना सूर्य की पूजा करती हैं। मान्यता है कि व्रत पूरा होने से परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)