चोरों ने महोबा के काली माता मंदिर से आभूषण चुराए:तीन मूर्तियों के चांदी के मुकुट और पायल ले गए, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
महोबा के शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटी चंद्रिका के पास स्थित काली माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर सनसनी फैला दी है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर तीन मूर्तियों से चांदी के मुकुट, पायल और अन्य आभूषण चुराकर फरार हो गए। सुबह पुजारी मंदिर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। महोबा शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे भगवान के घर को भी सुरक्षित नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटी चंद्रिका के पास स्थित काली माता मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने शनिवार रात मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा करने के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मूर्तियों के ताले टूटे हुए और आभूषण गायब देखे। चोर मां की मूर्तियों से चांदी के मुकुट, पायल और अन्य कीमती आभूषण पार कर ले गए। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय श्रद्धालु मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे। चोरी की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। साथ ही, चोरों का सुराग लगाने के लिए मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)